राजस्थान के चुरू स्थित सालासर बालाजी धाम मंदिर के सिक्योरिटी गार्ड्स की दबंगई का मामला सामने आया है. आरोप है कि मंदिर में मौजूद बाउंसरों ने श्रद्धालुओं से मारपीट की. इस दौरान महिलाओं को जमीन पर गिराकर पीटा गया. इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं. हालांकि मंदिर प्रशासन ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वायरल हो रहे वीडियो में सिर्फ एकतरफा कहानी बयां हो रही है.
दरअसल, हरियाणा के हिसार से आए परिवार का आरोप है कि वह साधारण श्रद्धालुओं की लाइन में खड़े थे. इसी दौरान वो अपने एक रिश्तेदार को वीडियो कॉल पर बालाजी महाराज के दर्शन करा रहे थे. तभी वहां 30 से 40 बाउंसरों ने उनका फोन छीनकर तोड़ दिया और मारपीट करने लगे. महिलाओं को भी जमीन पर गिराकर पीटा. जब वो शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो वहां उनसे जबरन एक वीडियो बनवाया गया कि मंदिर में उनके परिवार की ही गलती थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हिसार के राजगुरु मार्केट में दुकान चलाने वाले संजय ने बताया की रविवार को वह अपने परिवार के साथ सालासर बालाजी के दर्शन करने आए थे. उनका एक रिश्तेदार बीमार होने की वजह से मंदिर नहीं आ सका. इसलिए उसे वीडियो कॉल के जरिए दर्शन करवा रहे थे. वो किसी वीआईपी लाइन में नहीं खड़े थे, बल्कि साधारण श्रद्धालुओं की कतार में ही पूजा के लिए आगे बढ़ रहे थे.
आरोप है कि जैसे ही उन्होंने वीडियो कॉल के लिए फोन निकाला तो वहां तैनात बाउंसर्स ने बदतमीजी करनी शुरू कर दी. उनका मोबाइल छीनकर फर्श पर पटक दिया. जब उनके परिवार ने विरोध किया तो करीब 30 से 40 बाउंसर्स वहां इकट्ठा हो गए. उन्होंने महिलाओं को धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की. श्रद्धालुओं का आरोप है कि बाउंसर्स के पास कोई धारदार चीज भी थी.
पीड़ित ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि सालासर बालाजी में लोग श्रद्धा भाव से आते हैं, लेकिन यहां बाउंसर्स का व्यवहार भक्तों के साथ अपराधियों जैसा है.
श्रद्धालुओं ने अपनी गलती स्वीकार की: मंदिर कमेटी
इस मामले में सालासर बालाजी मंदिर कमेटी ने एक लेटर जारी किया है. इसमें दावा किया गया है कि सोशल मीडिया पर फैल रही खबर एकतरफा और अधूरी है. आरोप लगाने वाले श्रद्धालुओं ने सालासर पुलिस थाने में थाना प्रभारी के सामने अपनी गलती स्वीकार की है. उन्हें मामले से जुड़े वीडियो भी दिखाए गए हैं.
मंदिर कमेटी का कहना है कि श्रद्धालु परिवार के लोगों ने मंदिर कि महिला गार्ड के साथ मारपीट की है. इससे जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दिए गए हैं. मंदिर कमेटी इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण मानती है. पावन धाम में इस प्रकार का आचरण निंदनीय है, जिसका उन्हें बहुत खेद है.
—- समाप्त —-
