Sat. Apr 11th, 2026

Pawan Khera News: पवन खेड़ा के घर क्यों पहुंची असम पुलिस, क्या है मामला, अभी कहां हैं कांग्रेस नेता?

Pawan Khera News 2026 04 dd3bc156400dc5ca4b63ef21799434b3

Pawan Khera News: असम विधानसभा चुनाव की आंच दिल्ली तक पहुंच गई है. असम में चुनावी सरगर्मी के बीच सियासी तूफान खड़ा हो गया है. कांग्रेस के सीनियर नेता पवन खेड़ा के घर पर असम पुलिस ने दबिश दी है. असम पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस भी मौजूद है. बताया जा रहा है कि असम पुलिस पवन खेड़ा को अरेस्ट करने आई है. हालांकि, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा अभी घर पर मौजूद नहीं हैं. अब सवाल है कि आखिर पवन खेड़ा के घर असम पुलिस क्यों पहुंची है? आखिर पवन खेड़ा के घर छापेमारी की क्या वजह है? आखिर पवन खेड़ा अभी कहां हैं?

पहले जानते हैं कि आज पवन खेड़ा के साथ क्या हुआ. दरअसल, असम पुलिस आज यानी मंगलवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर पहुंची. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां ने पवन खेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. यह मामला उनके खिलाफ पासपोर्ट धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर है. दिल्ली पुलिस के साथ असम पुलिस निज़ामुद्दीन इलाके में पवन खेड़ा के घर पहुंची.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार को कांग्रेस की धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच एक बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया. इसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के खिलाफ आरोप लगाए गए थे. पवन खेड़ा ने कुछ दिन पहले दिल्ली और गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं. पवन खेड़ा के मुताबिक, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास UAE, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट हैं. दुबई में उनकी प्रॉपर्टी हैं और व्योमिंग (अमेरिका) में उनकी एक कंपनी है.

सरमा की पत्नी ने दर्ज कराई एफआईआर

इस आरोपों के जवाब में रिनिकी भुयान शर्मा ने 5 अप्रैल की देर रात पनबाजार पुलिस स्टेशन (गुवाहाटी) में शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर असम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने केस नंबर 4/26 दर्ज किया. एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 12 धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं.

खेड़ा मेरी पत्नी के पासपोर्ट, संपत्तियों के बारे में झूठी जानकारी फैला रहे हैं: हिमंत

इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा ने रविवार को कहा कि वह और उनकी पत्नी कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने उन पर झूठे आरोप’ लगाए हैं कि उनके पास कई पासपोर्ट हैं और दुबई में संपत्तियां हैं, जिनका उल्लेख उनके चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि पवन खेड़ा द्वारा साझा किए गए दस्तावेजों में ‘गंभीर विसंगतियां’ थीं, जो यह संकेत देती हैं कि यह ‘डिजिटल हेरफेर का एक घटिया और खराब प्रयास’ था.

अभी कहां हैं पवन खेड़ा?
असम पुलिस की टीम जब उनके निजामुद्दीन वाले घर पहुंची तब पवन खेड़ा मौके पर नहीं थे. उनके ठिकाने की जानकारी अभी साफ नहीं हो पाई है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पवन खेड़ा चुनाव प्रचार और पार्टी काम से जुड़े हुए हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बाद उनकी लोकेशन पर सस्पेंस बना हुआ है. कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है और कहा कि असम सरकार विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है. यह विवाद असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आया है.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *