Fri. Apr 10th, 2026

सोना चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट – realtimes

blank

सोने-चांदी की कीमत: AFP मिडिल-ईस्ट के ताजा हालातों और अन्य कारणों से सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतें 2,000 रुपये टूटकर 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं, जबकि सोना 600 रुपये के नुकसान के साथ 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को दी गई डेडलाइन से पहले निवेशक सतर्क हो गए हैं, जिसमें उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की मांग की थी। 

चांदी की कीमतों में गिरावट
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को चांदी की कीमत 2,000 रुपये (लगभग 1 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। सोमवार को चांदी का भाव 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुआ था। इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 600 रुपये (0.4 प्रतिशत) टूटकर 1,53,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में ये 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 

ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी ने बताया कि सोने की कीमतों पर तब दबाव बढ़ा, जब ट्रंप ने ईरान को एक नई चेतावनी दी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला गया, तो बिजली संयंत्रों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचों पर नए सिरे से सैन्य हमले किए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने मंगलवार की समयसीमा तय की थी। ईरान ने इस चेतावनी को खारिज कर दिया और पूरे पश्चिम एशिया में ऊर्जा संपत्तियों पर अपने हमले जारी रखे। 

ट्रंप की घोषणा के बाद सतर्क हुए निवेशक
वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोने की कीमत मामूली बढ़ोतरी के साथ 4,659.16 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी लगभग 1 प्रतिशत के नुकसान के साथ 72.14 डॉलर प्रति औंस रह गई। ये विदेशी बाजारों में निवेशकों की सतर्कता को दर्शाता है। इस बीच, भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में चेतावनी दी है कि अगर ईरान कोई समझौता नहीं करता है, तो ”आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।” इस चेतावनी से सैन्य टकराव बढ़ने की आशंकाएं पैदा हो गई हैं। 

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *