कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन हो गया है. कद्दावर कांग्रेस नेता केदवई ने 93 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली. मोहसिना किदवई के निधन से उत्तर प्रदेश, खासकर बाराबंकी जिले में शोक की लहर दौड़ गई है. मोहसिना किदवई के निधन पर कांग्रेस के साथ ही अलग-अलग दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. मोहसिना किदवई की गिनती नेहरू-गांधी परिवार के सबसे करीबी नेताओं में होती थी.
मोहसिना किदवई का राजनीतिक जीवन बहुत लंबा और प्रभावशाली रहा. कांग्रेस की कद्दावर नेताओं में गिनी जाने वाली मोहसिना किदवई ने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की अगुवाई वाली केंद्र की सरकारों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शहरी विकास, पर्यटन, परिवहन और ग्रामीण विकास जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली थी. मोहसिना किदवई की ननिहाल और ससुराल, दोनों ही बाराबंकी जिले के मसौली क्षेत्र में थे.
मोहसिना किदवई अक्सर अपने गांव आया करती थीं. उनके परिवार के सदस्य महमूद किदवई ने बताया कि निधन की खबर से पूरा परिवार गमगीन है. मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी 1932 को हुआ था. उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की और शुरुआत से ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं. उत्तर प्रदेश से सियासी सफर का आगाज करने वाली मोहसिना किदवई सियासत में ऊंचाई की सीढ़ियां तेजी से चढ़ती चली गईं और राष्ट्रीय राजनीति में मजबूत जगह बनाई.
यूपी सरकार में रहीं मंत्री
मोहसिना किदवई अपने लंबे राजनीतिक जीवन में यूपी विधानसभा और विधान परिषद के साथ ही लोकसभा और राज्यसभा की भी सदस्य रहीं. वह मेरठ से लोकसभा सांसद रहीं और बाद में राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हुईं. केंद्र में अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालने से पहले मोहसिना किदवई यूपी सरकार में भी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण और लघु उद्योग जैसे विभागों में मंत्री के रूप में काम किया. मोहसिना किदवई को एक मजबूत, अनुभवी और जमीन से जुड़ी नेता के रूप में जाना जाता था.
यह भी पढ़ें: ‘दयाबेन’ दिशा वकानी के पिता भीम वकानी का निधन, सलमान-आमिर संग किया था काम
मोहसिना किदवई की पहचान एक सुलझी हुई और प्रभावशाली राजनेता की रही, जिनका प्रदेश और केंद्र की राजनीति में लंबे समय तक दबदबा रहा. पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोहसिना किदवई का अंतिम संस्कार दिल्ली में ही किया जाएगा. यूपी सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा, यूपी बीजेपी की प्रदेश महामंत्री और पूर्व सांसद प्रियंका रावत, अमीर हैदर, पूर्व सांसद पी एल पुनिया, सांसद तनुज पुनिया और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्यक्त किया है.
यह भी पढ़ें: दिशा वकानी के पिता का निधन, दुखी हुए ‘जेठालाल’, असित मोदी बोले- परिवार का हिस्सा खो दिया
रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवई, जगत बहादुर सिंह, सुरेंद्र उर्फ बबन सिंह, अधिवक्ता रणधीर सिंह सुमन, वरिष्ठ पत्रकार रिजवान मुस्तफा, हशमत उल्लाह, केपी तिवारी, नरेंद्र मिश्रा समेत इनके परिवार के रेहान किदवई, मिस्बा किदवई, दानिश किदवई, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष फवाद किदवई ने गहरा दुख व्यक्त किया है.
—- समाप्त —-
