इस्लामाबाद का सेरेना होटल ज्यादा महंगा है या दिल्ली का होटल ताज
Last Updated:
Islamabad Serena Hotel : करीब डेढ़ महीने से मिसाइलें बरसा रहे ईरान और अमेरिका आखिरकार शांति की मेज पर बैठने को राजी हो गए हैं. यह मेज सजाई गई है पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित लग्जरी होटल सेरेना में. यह पाकिस्तान का सबसे लग्जरी 5 स्टार होटल माना जाता है. अब सवाल ये है कि आखिर पाकिस्तान के सबसे लग्जरी होटल में एक रात का किराया दिल्ली के ताज होटल से ज्यादा है या कम.

सेरेना होटल में खर्चे और किराये की बात करने से पहले जानते हैं कि इसे कब और किसने बनवाया. इस होटल का उद्घाटन 11 मार्च, 2002 को तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने किया था. इस होटल का स्वामित्व आगा खान फंड फॉर इकनॉमिक डेवलपमेंट के पास है और इसका संचालन टूरिज्म प्रमोशन सर्विस, पाकिस्तान करता है, जो आगा खान फंड की सहायक कंपनी है. इसका आर्किटेक्ट पाकिस्तानी कलाकार नय्यर अली दादा ने डिजाइन किया है.

सेरेना होटल की डिजाइन को पारंपरिक पाकिस्तानी कला के साथ मुगल और मूरिश शैली के साथ बनाया गया है. इसे बनाने में ग्रीन मार्बल, वॉवन फैब्रिक्स और पेंटेड वुडन सीलिंग का इस्तेमाल किया गया है. होटल को तैयार करने में करीब 2.9 करोड़ डॉलर यानी करीब 270 करोड़ रुपये में किया गया. आगा खान फंड ने इस होटल को बनाने में इतनी बड़ी रकम इसलिए लगाई थी, क्योंकि तब पाकिस्तान में टूरिज्म सेक्टर काफी तेजी से उभर रहा था.

होटल को 2002 में शुरू करने के बाद साल 2007 में वर्ल्ड बैंक की आईएफसी ने भी इसे फंडिंग दी और तब इसमें अतिरिक्त कमरे, बैंक्वेट हाल और बिजनेस सेंटर भी जोड़े गए. अब यह होटल करीब 14 एकड़ के खूबसूरत गार्डन में बना है, जो लीडिंग होटल ऑफ द वर्ल्ड का भी सदस्य है. होटल को मार्गल्ला हिल्स और रावल झील के पास बनाया गया है और यह शहर के बीचोंबीच स्थित है. होटल के कमरे पंजाबी और स्वात स्टाइल में सजाए गए हैं, जहां से मार्गल्ला हिल्स का खूबसूरत व्यू मिलता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सेरेना होटल में करीब 387 कमरे हैं, जिसमें 52 सुइट्स शामिल हैं. होटल के कमरों को डीलक्स, एग्जीक्यूटिव, जूनियर सुइट, एग्जीक्यूटिव सुइट और प्रेसिडेंशियल सुइट की कैटेगरी में बांटा गया है. हर कमरे में मिनीबार भी बने हुए हैं. इसके अलावा बेसिक सुविधाओं का खास ख्याल रखा जाता है. कमरों की कैटेगरी के हिसाब से इसमें किंग और क्वीन साइज के बेड लगाए गए हैं, जो मेहमानों को लग्जरी अहसास देते हैं.

होटल में कुल 5 रेस्तरां हैं, जिनके नाम राकापोशी, जमाना, दावत, बारादरी, अल मगरीब और वाइल्ड राइस हैं. इस होटल में पाकिस्तानी व्यंजन के अलावा एशियन, मिडिल ईस्ट और इंटरनेशनल कुजिन भी मिलते हैं. यहां 2 कॉफी शॉप भी हैं. होटल के बाहर शानदार बगीचे, स्वीमिंग पूल और संगीत व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आउटडोर स्टूडियो भी हैं. एयरपोर्ट से फ्री पिकअप ड्रॉप के साथ मुफ्ट पार्किंग सुविधा भी मिलती है.

तमाम ऑनलाइन होटल बुकिंग साइट्स और सेरेना होटल की वेबसाइट पर दर्ज जानकारी के मुताबिक यहां एक डीलक्स होटल का एक रात का किराया 143 डॉलर यानी करीब 13 हजार रुपये से शुरू होता है. यह किराया कभी कभार 150 से 200 डॉलर प्रतिदिन तक जाता है. एग्जीक्यूटिव रूम का किराया एक रात के लिए 200 से 250 डॉलर यानी करीब 23 हजार रुपये तक पहुंच जाता है. सबसे महंगा किराया प्रेसिडेंशियल सुइट का है जो 1,000 डॉलर यानी करीब 93 हजार रुपये प्रतिदिन तक पहुंच जाता है.

सेरेना होटल टूरिज्म प्रोमोशन लिमिटेड पाकिस्तान समूह के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले होटल में शामिल है. पाकिस्तान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि साल 2025 के शुरुआती 9 महीने में इसकी कमाई करीब 11 अरब पाकिस्तानी रुपये थे और 2023 में पूरे साल में इसकी कमाई भारतीय करेंसी में 4 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रही थी. एजेंसी ने यह भी कयास लगाए हैं कि आने वाले समय में इसकी कमाई और भी ज्यादा बढ़ने वाली है.

अब बात करते हैं दिल्ली स्थित होटल ताज की. ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म अगोडा के अनुसार, जहां एक रात का डीलक्स रूम का किराया 11,700 रुपये से लेकर 13,900 रुपये तक है. दो बेड वाले डीलक्स रूम का किराया 12,900 रुपये से 14,900 रुपये प्रतिदिन का है. होटल ताज में प्रेसिडेंशियल सुइट किंग रूम की बात करें तो इसका एक रात का किराया 6 लाख रुपये से भी कहीं ज्यादा पड़ता है, जो इस्लामाबाद के सेरेना होटल से 6 गुना से भी अधिक है.
