Wed. Apr 15th, 2026

पिरोजशा होंगे गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के चेयरपर्सन

blank

गोदरेज :गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने सोमवार को नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा की। इसके तहत पिरोजशा गोदरेज इस साल अगस्त में नादिर गोदरेज से ग्रुप के चेयरमैन का पदभार ग्रहण करेंगे। कंपनी ने एक बयान में कहा कि नादिर गोदरेज नियोजित पीढ़ीगत उत्तराधिकार के तहत मानद अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। ग्रुप में नेतृत्व स्तर पर अन्य बदलाव भी किए गए हैं। पिरोजशा ने कहा, ”ये क्षण जिम्मेदारी और सौभाग्य दोनों का है। हमें पीढ़ियों से चली आ रही एक उल्लेखनीय विरासत मिली है और अब हमारा काम उन मूल्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए महत्वाकांक्षा के साथ इसे आगे बढ़ाना है जो हमें परिभाषित करते हैं।” 

अगस्त, 2026 में 75 साल की उम्र में रिटायर होंगे नादिर गोदरेज
बयान में कहा गया है कि नादिर अगस्त, 2026 में 75 साल के होने के बाद रिटायर होंगे। वो उस समय गोदरेज इंडस्ट्रीज, गोदरेज एग्रोवेट, गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और गोदरेज प्रॉपर्टीज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से हट जाएंगे। वे सोमवार से एस्टेक लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद से हट गए हैं। ग्रुप में कई दशक तक सेवा दे चुके नादिर ने कहा, ”मुझे पूरा विश्वास है कि अगली पीढ़ी के नेतृत्व में ग्रुप अपने मूल्यों पर अडिग रहते हुए लगातार प्रगति करता रहेगा।” 

नादिर के बड़े भाई आदि और परमेश्वर गोदरेज के बेटे हैं पिरोजशा
नादिर के बड़े भाई आदि और परमेश्वर गोदरेज के बेटे पिरोजशा गोदरेज को चेयरपर्सन पद के लिए नॉमिनेट किया गया है। वे 14 अगस्त से गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप (जीआईजी) और गोदरेज इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन का पदभार ग्रहण करेंगे। बयान में कहा गया है कि वे गोदरेज प्रॉपर्टीज, गोदरेज कैपिटल और गोदरेज वेंचर्स के चेयरपर्सन बने रहेंगे। इसके अलावा, बयान में कहा गया है कि नादिर के बेटे बुर्जिस गोदरेज, गोदरेज एग्रोवेट के चेयरपर्सन के रूप में कार्यभार संभालेंगे और 14 अगस्त से गोदरेज इंडस्ट्रीज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में शामिल होंगे।

ग्रुप में नेतृत्व स्तर पर और भी कई बदलाव
बयान में कहा गया है कि बुर्जिस ने एस्टेक लाइफसाइंसेज के मैनेजिंग डायरेक्टर पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है और वे इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे। बुर्जिस ने कहा, ”हमारा ध्यान एक मजबूत गोदरेज एग्रोवेट के निर्माण पर होगा, जो सतत विकास को गति प्रदान करते हुए हमारे सभी व्यवसायों में क्रियान्वयन को और बेहतर बनाएगा।” गोदरेज केमिकल्स के सीईओ विशाल शर्मा को तत्काल प्रभाव से एस्टेक लाइफसाइंसेज का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान में एस्टेक लाइफसाइंसेज के मुख्य परिचालन अधिकारी अरिजीत मुखर्जी को कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया जाएगा। 

2024 में गोदरेज फैमिली के बीच बंट गया था बिजनेस
बताते चलें कि गोदरेज फैमिली का 2024 में सौहार्दपूर्ण विभाजन हुआ और वे दो भागों में बंट गए और गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के साथ ही गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप का गठन हुआ। भाइयों आदि और नादिर को गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप मिला, जो कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, रियल एस्टेट, फाइनेंशियल सर्विस और केमिकल बिजनेस में है जबकि उनके चचेरे भाई जमशेद गोदरेज और स्मिता कृष्णा को गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप मिला, जिसकी एयरोस्पेस, डिफेंस, एनर्जी के सेक्टरों में हिस्सेदारी है।

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *