ओडिशा के आदिवासी स्कूल में खाने से एक छात्रा की मौत, 100 से अधिक बच्चे बीमार
Last Updated:
Odisha Trible School Student Dies: ओडिशा के काकाबंधा आश्रम स्कूल में संदिग्ध खराब भोजन करने से कक्षा पांच की छात्रा रुपाली बेसरा की मौत हो गई. जबकि 100 से ज्यादा बच्चे बीमार हैं. इस मामले में स्कूल के हेड टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है. सरकार ने मामले की जांच और मुआवजे की घोषणा की है.

ओडिशा के एक आदिवासी स्कूल में मिड डे मील खाने से एक बच्ची की मौत हो गई. सांकेतिक तस्वीर.
Odisha Trible School Student Dies: ओडिशा के मयूरभंज जिले के काकाबंधा आश्रम स्कूल में खाने के बाद एक छात्रा की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए. घटना रविवार को हुई थी. जिला प्रशासन के अनुसार रविवार सुबह स्कूल के छात्रों को अधिकृत मेन्यू में शामिल नहीं होने वाले भोजन परोसे गए. अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को पखाला (फरमेंटेड राइस), मसले हुए आलू और आम की चटनी खिलाई गई. इसके बाद बच्चों को दस्त और उल्टी की शिकायत हुई.
कक्षा पांच की एक छात्रा रुपाली बेसरा की हालत गंभीर होने पर उसे सोमवार को बारिपदा के पीएमआर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया. मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि 100 से अधिक छात्रों को स्थानीय कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जिनमें से 67 छात्रों को गंभीर हालत में बारिपदा अस्पताल रेफर किया गया. वर्तमान में 66 छात्र अस्पताल में और 41 छात्र कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में इलाज करा रहे हैं.
सीएम ने घटना पर दुख जताया
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने छात्रा की मौत पर दुख व्यक्त किया और डिवीजनल राजस्व कमिश्नर (सेंट्रल डिवीजन) को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए. आरडीसी बुधवार सुबह रासगोविंदपुर पहुंचकर जांच करेंगे. मुख्यमंत्री ने मृतक परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से तीन लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. साथ ही सरकार ने परिवार को सात लाख रुपये का एक्स-ग्रेशिया देने का ऐलान किया है. स्कूल के हेड टीचर जयंत कुमार पाणिग्रही को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है.
जिला कलेक्टर हेमकांत साय ने कहा कि पुलिस ने मृतक छात्रा की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस जांच के अलावा प्रशासनिक स्तर पर भी स्वतंत्र जांच की जाएगी. दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने रासगोविंदपुर-जलेश्वर रोड को जाम कर दिया और मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
ओडिशा आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्रा ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती छात्रों से मुलाकात की और उनके अभिभावकों से बात की. ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घोर लापरवाही और सिस्टम की विफलता है. उन्होंने दोषियों को जवाबदेह ठहराने और छात्र सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
About the Author

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
