Parliament Special Session LIVE: संसद का विशेष सत्र आज 16 अप्रैल 2026 को हंगामे के साथ शुरू हुआ. केंद्र सरकार ने सदन के पटल पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम और परिसीमन से जुड़े अहम विधेयक पेश किए. इन विधेयकों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त तकरार देखने को मिली. विपक्ष के भारी विरोध के कारण सदन में वोटिंग की स्थिति पैदा हो गई. वोटिंग के दौरान सरकार के पक्ष में 251 और विरोध में 185 वोट पड़े. हैरान करने वाली बात यह रही कि एनडीए के 42 सांसदों ने वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा ही नहीं लिया. सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 परसेंट आरक्षण देने के लिए एक बड़ा प्रस्ताव रखा है. इसके तहत लोकसभा में सदस्यों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने की योजना है. इसके लिए सरकार परिसीमन आयोग के गठन और केंद्र शासित प्रदेश कानून में बदलाव की तैयारी कर रही है. विपक्ष इसी बढ़ती संख्या और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है.
पीएम मोदी ने संबोधन में विपक्ष को क्या संदेश दिया?
संविधान संशोधन की राह में सरकार के सामने क्या हैं चुनौतियां?
Sansad Live: ‘जातीय जनगणना के बिना पिछड़ जाएंगी गांव की महिलाएं’, महिला आरक्षण पर RJD का स्टैंड
आरजेडी (RJD) सांसद अभय कुमार सिन्हा ने महिला आरक्षण बिल को लेकर संसद में अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि बिना ‘जातीय जनगणना’ और ‘कोटे के भीतर कोटे’ के, यह बिल केवल शहरों की प्रभावशाली महिलाओं को ही फायदा पहुंचाएगा. सिन्हा ने आशंका जताई कि इस वर्तमान स्वरूप में बिल के पास होने से ग्रामीण और पिछड़े वर्ग की महिलाएं नीति निर्माण की प्रक्रिया में पीछे छूट जाएंगी. उन्होंने मांग की है कि जब तक जातीय जनगणना के सटीक आंकड़े नहीं आ जाते, तब तक इसे लागू न किया जाए और भविष्य में महिलाओं के लिए आरक्षण की सीमा 33 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत की जाए.
Sansad Live: ‘तुरंत लागू हो 33% कोटा, परिसीमन पर लगे रोक’, महिला आरक्षण पर उद्धव ठाकरे का बड़ा स्टैंड
महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है. उन्होंने मांग की है कि चूंकि यह बिल 2023 में संसद से पारित हो चुका है इसलिए बिना किसी देरी के 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाना चाहिए. उद्धव ठाकरे ने परिसीमन के मुद्दे पर फिलहाल रोक लगाने की वकालत की है. उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक दल के भविष्य का नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता और देश के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील विषय है जिस पर अभी और अधिक चर्चा व शोध की आवश्यकता है.
Sansad Live: ‘तमिलनाडु में चुनाव के कारण कुछ दल फायदा लेने के लिए इसका विरोध कर रहे हैं’, संसद में बोली बांसुरी स्वराज
बांसुरी स्वराज ने नारी शक्ति वंदना विधेयक पर अपनी बात रखते हुए आगे कहा कि तमिलनाडु में चुनाव है. इसीलिए वो चुनाव में फायदा लेने के लिए इसका विरोध कर रहे हैं. जो भी इसका विरोध करेगा वो महिलाओं के आक्रोश का पात्र बनेगा. आप हमारा साथ दीजिए. मैं अखिलेश यादव से भी कहना चाहती हूं कि यह वक्त है महिलाओं के प्रति अपनी कमिटमेंट को पूरा करने का.
महिला आरक्षण पर बांसुरी स्वराज का प्रहार: ‘चुनाव बहाना नहीं, परिसीमन ही संवैधानिक रास्ता’
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) का जोरदार बचाव करते हुए विपक्ष के ‘विलंब’ वाले आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि देश में चुनाव तो निरंतर चलते रहेंगे लेकिन चुनाव महिलाओं के हक को मारने का बहाना नहीं बन सकते. बांसुरी स्वराज ने जोर देकर कहा कि परिसीमन कोई राजनीतिक प्रपंच या बीजेपी की रणनीति नहीं है बल्कि यह बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा बनाया गया एक संवैधानिक प्रावधान है. उनके अनुसार, नारी शक्ति वंदन बिल एक ‘मंजिल’ (Destination) है और परिसीमन वहां तक पहुंचने का सही और कानूनी ‘रास्ता’ (Path) है.
Sansad Live: ‘दो सांडों को साथ लाने की कोशिश क्यों?’ महिला आरक्षण और परिसीमन पर ममता बनर्जी का केंद्र पर हमला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संसद में पेश महिला आरक्षण बिल और उसके साथ जुड़े परिसीमन (Delimitation) के मुद्दे पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए सवाल किया, “आप दो सांडों को एक साथ लाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?” ममता बनर्जी का इशारा महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़ने की तरफ था. उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार महिलाओं के सम्मान की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ परिसीमन के बहाने देश को बांटने और बंगाल को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है.
Sansad Live: ‘बिलों को लाने का एजेंडा कैसे भी 2029 का चुनाव जीतना है’, केंद्र को केसी वेणुगोपाल राव का जवाब
केसी वेणुगोपल राव ने नारी शक्ति वंदना बिल पर अपनी बात रखते हुए कहा कि इन बिलों को लाने का मकसद महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना नहीं बल्कि 2029 का लोकसभा चुनाव जीतना हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी केरलम और तमिलनाडु के लोगों का दर्द नहीं समझते. वहां के लोग इन बिलों को देखकर ऐसा महसूस कर रहे हैं कि क्या वो इस देश का हिस्सा नहीं है.
Sansad Live: पीएम मोदी तमिलनाडु और केरल के लोगों की भावनाओं से अवगत नहीं, संसद में वेणुगोपाल का सरकार को जवाब
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने नारी शक्ति वंदना विधेयक पर कहा कि आपने किस बेस पर यह डिसाइड किया कि इतनी सारी सीटे बढ़ानी है. आपका मकसद सिर्फ ये साबित करना है कि विपक्ष इस बिल के विरोध में है. पीएम तमिलनाड़ु और केरलम के लोगों के भावनाओं से अवगत नहीं है. पीएम को वहां के कल्चर के बारे में कुछ नहीं पता. वहां काफी दुख है कि हम इस देश का हिस्सा हैं भी नहीं. वहां के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.
Sansad Live: कांग्रेस ने देश को पहला महिला प्रेसिडेंट दिया, पहला महिला स्पीकर दिया… नारी शक्ति वंदना बिल पर बोले कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर कहा कि पीएम मोदी संसद में ड्रामा कर रहे हैं। संसद तीन साल पहले ही बिल पास कर चुकी है. अगर आप सच में चिंतित हैं तो आप 2024 में ही ये सब ला चुके होते. कांग्रेस पार्टी ने पहला महिला प्रेसिडेंट दिया. पहला महिला स्पीकर लोकसभा का दिया. पीएम बार बार कह रहे हैं कि महिलाओं को हक देने में हमने देरी की. 2014 से आप सत्ता में हैं. किसने देरी की.
Sansad Live: ‘अब महिलाएं वोटर नहीं, डिसीजन मेकर बनेंगी’, दिल्ली स्टेट हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने महिला आरक्षण बिल का किया स्वागत
दिल्ली स्टेट हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार के कदम का जोरदार स्वागत किया है. उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि इस बिल के आने से महिलाएं अब केवल वोटर बनकर नहीं रहेंगी, बल्कि देश के नीति निर्माण में ‘डिसीजन मेकर’ की भूमिका निभाएंगी. कौसर जहां के अनुसार, यह बिल महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को जड़ से बदलने वाला साबित होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जब महिलाएं फैसले लेंगी, तो उनमें परिवार और समाज के वास्तविक मुद्दों की संवेदनशीलता झलकेगी.
Sansad Live: राजीव गांधी ने शाह बानो केस के बाद मुस्लिम महिलाओं का अपमान किया… नारी शक्ति विधेयक पर बोलते हुए नरेश म्हस्के ने कांग्रेस को घेरा
शिवसेना सांसद नरेश गणपत म्हस्के ने संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा के दौरान कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर गंभीर आरोप लगाए. म्हस्के ने कहा कि इतिहास में महिलाओं का सबसे ज्यादा अपमान कांग्रेस शासन में हुआ है. उन्होंने 1985 के प्रसिद्ध शाह बानो केस का जिक्र करते हुए कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट ने एक बेसहारा मुस्लिम महिला को गुजारा भत्ते का हक दिया, तब तत्कालीन राजीव गांधी सरकार ने मुस्लिम कट्टरपंथियों के तुष्टिकरण के लिए संसद में कानून लाकर उस ऐतिहासिक फैसले को ही पलट दिया था.
‘महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को महिलाओं ने माफ नहीं किया’
“हमारे देश में जब से महिला आरक्षण को लेकर चर्चा हुई और उसके बाद जब-जब चुनाव आया है, हर चुनाव में महिलाओं को मिलने वाले इस अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया है, देश की महिलाओं ने उन्हें माफ नहीं किया है.”
‘आज गलती मत करना’, पीएम ने विपक्ष को क्यों चेताया?
“आज से 23-25 साल पहले जिसने भी विरोध किया, तो विरोध राजनीतिक सतह से नीचे नहीं गया था. आज ऐसा समझने की गलती मत करना. पिछले 25-30 साल में ग्रासरूट लेवल पर, पंचायत में जीतकर आई महिलाओं ने एक कॉन्सियसनेस हैं. पहले वो बोलती नहीं थीं, आज वो वोकल हैं.”
लोकसभा में पीएम मोदी का संबोधन LIVE
“हमारी हजारों साल की लोकतंत्र की एक विकास यात्रा रही है और उस विकास यात्रा में एक नया आयाम जोड़ने का एक शुभ अवसर सदन के हम सभी साथियों को मिला है और मैंने प्रारंभ में कहा है कि हम सब भाग्यवान है कि हमें ऐसे महत्वपूर्ण और देश की आधी आबादी को इस राष्ट्र निर्माण की नीति निर्धारण प्रक्रिया में हिस्सेदार बनाने का सौभाग्य मिल रहा है. यह हम लोगों के लिए सौभाग्य है.”
PM Modi Parliament Speech LIVE: ‘अखिलेश जी मेरे मित्र हैं’, जब लोकसभा में बोले पीएम मोदी
महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अखिलेश यादव का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश जी उनके मित्र हैं और समय-समय पर समर्थन भी देते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि वह अत्यंत पिछड़े समाज से आते हैं, लेकिन उनकी जिम्मेदारी सभी को साथ लेकर चलने की है. उन्होंने कहा कि संविधान ने उन्हें यही रास्ता दिखाया है और उनके लिए संविधान सर्वोपरि है. पीएम मोदी ने कहा कि यही संविधान की ताकत है कि साधारण और पिछड़े परिवार से आए व्यक्ति को देश ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी.
VIDEO | Speaking in the Lok Sabha on the Women’s Reservation Bill, Prime Minister Narendra Modi says, “Akhilesh ji (Yadav) is my friend, so at times he does offer support. It is true that I come from an extremely backward section of society, but my responsibility is to take… pic.twitter.com/1S0nUXpZZx
— Press Trust of India (@PTI_News) April 16, 2026
PM Modi Parliament Speech LIVE: हमें क्रेडिट नहीं चाहिए, लोकसभा में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सदन में कहा कि ‘यहां कुछ लोगों को लगता है कि इसमें मोदी का राजनीतिक स्वार्थ है.’ इस पर विपक्ष से आवाजें आने लगीं कि हां है. नारेबाजी के बीच पीएम मोदी ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘अरे इनको बोलने दीजिए भाई, बंगाल में कोई बोलने नहीं देता…’ इस पर सदन में ठहाके लगे. फिर पीएम ने कहा कि अगर इसका विरोध करेंगे तो राजनीतिक लाभ मुझे होगा.
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इसका क्रेडिट नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि यह कानून बन जाए तो कल के कल अखबार में सबकी फोटो के साथ बधाई संदेश छपवाने को तैयार हूं. जिसका भी फोटो छपवााना हो, सामने से क्रेडिट का ब्लैंक चेक आपको देर रहा हूं.
महिला आरक्षण बिल पर लोकसभा में पीएम मोदी का संदेश – महिलाओं की ताकत पर जताया भरोसा
लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की महिलाएं अब मुखर हो रही हैं. वे समाज की भावनाओं और समस्याओं को गहराई से समझती हैं. पीएम मोदी ने कहा कि महिलाएं सशक्त, महत्वाकांक्षी और निर्णय लेने में सक्षम हैं, इसलिए वे शासन और कानून निर्माण में भागीदारी चाहती हैं. उन्होंने साफ कहा कि जो आज इस बिल का विरोध करेंगे, उन्हें लंबे समय तक इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी होगी.
पीएम मोदी ने विपक्ष से कहा कि देश की बहनों पर भरोसा करें और उन्हें आगे आने का अवसर दें. उन्होंने कहा कि महिलाएं कभी पीछे नहीं रहीं और हमारी माताओं, बहनों और बेटियों ने हर क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है. प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को देश की महिलाएं कभी माफ नहीं करेंगी. परिसीमन के सवाल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस पर स्थिति स्पष्ट करेंगे.
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव पर पीएम मोदी ने ली चुटकी
लोकसभा में टोकाटाकी करने पर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव से पीएम मोदी ने कहा, ‘धर्मेंद्र जी आपने सही किया मेरी पहचान करा दी … मै अति पिछड़े वर्ग से आता हू हमारे लिए संविधान ही सबसे ऊपर है ये संविधान ही है जिसकी वजह से इतना बड़ा पद मुझे मिला है.’ बगल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव बैठे थे. पीएम ने कहा कि ‘अखिलेश जी मेरे मित्र हैं…’
PM Modi Speech LIVE: महिला आरक्षण पर पीएम मोदी बोले – संसद में आज देश के इतिहास का महत्वपूर्ण पल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक पर संसद में कहा कि आज का दिन देश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यह फैसला 25 से 30 साल पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन अब भी यह देश को नई दिशा देने वाला कदम है. पीएम मोदी ने कहा कि समय के साथ सुधार होते रहते हैं और भारत 21वीं सदी में नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है. उन्होंने माना कि इस फैसले में पहले ही देरी हो चुकी है, चाहे कारण या जिम्मेदार कोई भी रहा हो. पीएम मोदी ने बताया कि इस मुद्दे पर सभी दलों से चर्चा हुई और किसी ने सैद्धांतिक विरोध नहीं किया. उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने इसका विरोध किया, महिलाओं ने उन्हें जवाब दिया.
PM Modi Speech LIVE: ‘यह हमारा सौभाग्य’, लोकसभा में बोले पीएम मोदी
लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा, ‘यह हम लोगों का सौभाग्य है, मैं चाहता हूं कि हमारे सभी माननीय सांसद, इस महत्वपूर्ण अवसर को जाने न दें. हम सब मिलकर के देश को नई दिशा देने जा रहे हैं. हमारी शासन व्यवस्था को संवदेनशीलता से भरने का एक अवसर देने जा रहे हैं.’
लोकसभा में पीएम मोदी LIVE: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोलेंगे पीएम
PM मोदी लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में बोल रहे हैं. केंद्र सरकार ने लोकसभा में तीन बिल पेश किए, जिनमें ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़ा एक संवैधानिक संशोधन बिल भी शामिल है. ये तीन बिल हैं: संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) बिल, 2026; परिसीमन बिल, 2026; और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) बिल, 2026.
