Sun. May 10th, 2026

मातृ शक्ति के सम्मान में ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी ने किया कार्यक्रम का आयोजन

yy

धमतरी। मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी द्वारा दिव्यधाम परिसर में “सुखी परिवार की आधारशिला” विषय पर प्रेरणादायी एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व की महत्ता, परिवार निर्माण में मां की भूमिका तथा संस्कारयुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं के योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, प्रेम, करुणा और संस्कारों की जीवंत प्रतिमा है। मां ही परिवार को स्नेह और ममता के सूत्र में बांधकर रखती है तथा उसके संस्कारों से ही एक सुखी, समृद्ध और संस्कारी समाज का निर्माण संभव होता है।

मुख्य अतिथि नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि मां के संस्कार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। उन्होंने मातृ शक्ति को समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि परिवार और समाज में महिलाओं की भूमिका अतुलनीय है। विशिष्ट अतिथि एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा ने कहा कि मां केवल जन्म ही नहीं देती, बल्कि जीवन जीने की सही दिशा भी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि परिवारों को मजबूत बनाने के लिए मातृ शक्ति के मूल्यों को अपनाना आवश्यक है। पूर्व प्राचार्य हरसिमरन कौर खालसा ने कहा कि मां के स्नेह, अनुशासन और संस्कारों से ही अच्छे नागरिकों का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धर्म में माता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और नारी सर्वगुण संपन्न होती है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने राजयोग एवं आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से परिवारों में प्रेम, शांति और संस्कार बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब मां मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक होती है, तब पूरा परिवार सुखी एवं समृद्ध बनता है। उन्होंने कहा, “मां है तो संसार है और संसार का पहला परिचय भी मां ही कराती है। कार्यक्रम के दौरान मातृ शक्ति के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। महिला प्रभाग, आरईआरएफ एवं ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कामिनी कौशिक सहित अतिथियों एवं मातृ शक्तियों का सम्मान कर मातृ दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *