Mon. May 11th, 2026

खेलते हुए 5 साल के मासूम पर गिरा लोहे का गेट, सीसीटीवी में कैद हुई दर्दनाक मौत – CCTV of Five Year Old Child Killed After Iron Gate Collapses in Noida Gejha Village lcltm

6a0145889dc97 noida 115707279

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां खेलते-खेलते पांच साल के मासूम की जान चली गई. घटना थाना फेस-2 क्षेत्र के गेझा गांव की है, जहां घर के बाहर लगे भारी लोहे के गेट के गिरने से बच्चे की मौत हो गई. हादसे का पूरा दृश्य पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

गेट पर झूलकर खेल रहा था मासूम

जानकारी के मुताबिक, गेझा गांव निवासी मनीष कुमार का पांच साल का बेटा नवदीप शनिवार सुबह करीब 9:20 बजे घर के बाहर खेल रहा था. खेलते समय वह पड़ोस में लगे लोहे के बड़े गेट पर झूलने लगा. कुछ ही सेकंड बाद अचानक गेट का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे बच्चे के ऊपर आ गिरा. भारी गेट के नीचे दबते ही नवदीप गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने काफी मशक्कत के बाद लोहे का गेट हटाया और बच्चे को बाहर निकाला. परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.

एकाएक गिर गया जर्जर गेट

स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट काफी पुराना और जर्जर हालत में था. कई बार इसकी हालत को लेकर चिंता भी जताई गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई. लोगों का मानना है कि यदि गेट मजबूत होता तो शायद यह हादसा टल सकता था.

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने बताया कि नवदीप घर के बाहर गेट पर झूल रहा था, तभी अचानक गेट उसके ऊपर गिर गया. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं, CCTV में कैद यह हादसा लोगों को झकझोर रहा है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल भी खड़े कर रहा है.
 

—- समाप्त —-

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *