Thu. May 14th, 2026

हल्द्वानी के शादी समारोह में पानी पीने पर दलित युवकों की पिटाई, जातिसूचक गालियां देने का आरोप – haldwani dalit youth beaten for drinking water at wedding pvzs

6a03290e5d872 beaten 122005519

उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक शादी समारोह के दौरान पानी पीने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो दलित भाइयों की पिटाई कर दी गई. आरोप है कि युवकों को जातिसूचक गालियां दी गईं और उन पर हमला किया गया. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

यह घटना हल्द्वानी के गौलापार इलाके के देवल मल्ला गांव में रविवार शाम को हुई. गांव में एक शादी समारोह चल रहा था, जहां शुभम नाम का युवक डीजे सिस्टम चला रहा था. इसी दौरान उसने पास में रखे बर्तन से पानी पी लिया. आरोप है कि पानी पीने की बात को लेकर कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया.

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम को उसकी जाति को लेकर अपमानित किया गया. उसके भाई उमेश चंद्र टम्टा ने काठगोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों ने शुभम को जातिसूचक शब्द कहे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद करीब 10 लोगों ने शुभम पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. फिलहाल, शुभम अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने भी उसकी चोटों की पुष्टि की है.

जब शुभम का भाई उमेश बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की. उमेश ने आरोप लगाया कि उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया. इस हमले में वह भी घायल हो गया. घटना के दौरान एक महिला के घायल होने की बात भी सामने आई है.

मारपीट की घटना के बाद गांव के लोगों में नाराजगी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों ने काठगोदाम थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके.

मामले में दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि जातिसूचक गालियां देने के आरोप पूरी तरह झूठे और मनगढ़ंत हैं. उन्होंने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच सिर्फ सामान्य विवाद हुआ था, जिसे जातीय रंग दिया जा रहा है.

काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिल गई हैं और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान में दोनों पक्षों के बीच झगड़े की बात सामने आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस एहतियात के तौर पर मामले पर नजर बनाए हुए है.

—- समाप्त —-

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *