केरल में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस अब अपने अंतिम दौर में है। मंगलवार को राहुल गांधी ने दिल्ली में पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ मैराथन बैठक की। 10 जनपथ पर हुई इस मुलाकात में राहुल गांधी ने जमीनी स्थिति और जनता की भावनाओं को गहराई से समझा। केरल की राजनीति के दिग्गजों से मशविरा लेने के बाद अब गेंद आलाकमान के पाले में है।
बुधवार को हो सकता है नाम का एलान
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के मुरलीधरन ने बैठक के बाद संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा बुधवार तक हो सकती है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बंगलूरू से रात को दिल्ली लौट रहे हैं। खरगे के आने के बाद सोनिया गांधी से अंतिम चर्चा होगी। इसके बाद ही आधिकारिक मुहर लगेगी।
तीन दिग्गजों में है मुख्य मुकाबला
सीएम की रेस में तीन बड़े नाम सबसे आगे चल रहे हैं। इनमें रमेश चेन्निथला, वीडी सतीशन और एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल हैं। राहुल गांधी ने इन नामों पर राय जानने के लिए वीएम सुधीरण, एमएम हसन और के सुधाकरण जैसे आठ पूर्व अध्यक्षों से वन-टू-वन बात की है। मुल्लापल्ली रामचंद्रन से फोन पर चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें: केरल में कौन होगा सीएम?: कांग्रेस के विधायक दल की हुई बैठक; पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे माकन और वासनिक
विधायकों के साथ जनता की पसंद पर जोर
मुरलीधरन ने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन केवल विधायकों की राय पर नहीं होगा। पार्टी यूडीएफ के सहयोगी दलों और आम जनता की भावनाओं का भी सम्मान करना चाहती है। पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक पहले ही विधायकों की राय ले चुके हैं। अब अंतिम निर्णय हाईकमान को लेना है।
यूडीएफ का शानदार प्रदर्शन
बता दें कि 140 सीटों वाली केरल विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। इसमें कांग्रेस के पास 63, मुस्लिम लीग के पास 22, केरल कांग्रेस के पास आठ और आरएसपी के पास तीन सीटें हैं। चार मई को आए नतीजों के बाद से ही मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन जारी है।
वीडियो-
