Delhi Heatwave Alert: दिल्ली की बारिश, फिर दिल्ली की सर्दी, अब दिल्ली की गर्मी….
दिल्ली समेत उत्तर भारत में गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं. दोपहर के 12 बजे के बाद से 3 बजे तक तो सड़कों पर इंसान से लेकर जानवरों तक के नामों निशान नहीं दिख रहे. देश की राजधानी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है. अगर आपको लग रहा है कि गर्मी ने अभी तक अपने सबसे भयानक तेवर दिखा दिए हैं, तो आप गलत हैं! असली गर्मी का टॉर्चर तो अब शुरू होने वाला है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने डराने वाला अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में हीटवेव (जानलेवा लू) का प्रकोप अपने चरम पर पहुंचने वाला है.
आईएमडी की ताजा बुलेटिन के मुताबिक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और कोंकण-गोवा क्षेत्र में 22 मई तक हीटवेव की स्थिति लगातार बनी रहेगी. लोगों को घर से बाहर निकलते समय बेहद सावधानी बरतने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी गई है. आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस का भारी उछाल देखने को मिल सकता है. इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी पारा लगातार चढ़ेगा, जिससे गर्मी और उमस से लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा.
दिल्ली में मौसम के तेवर बदलने वाले हैं.
दिल्ली में 45 डिग्री के पार जाएगा पारा!
देश की राजधानी दिल्ली वालों को भी इस प्रचंड गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होगी. रविवार को दिल्ली का आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला हो सकता है, दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की हलचल भी हो सकती है. दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और गर्म हवाएं चलेंगी, जो 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. हालांकि, रविवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन अगले सप्ताह आसमान साफ होने के साथ ही दिल्ली का पारा 45 डिग्री सेल्सियस के खतरनाक स्तर को छूने के लिए पूरी तरह तैयार है.
घर से निकलने से पहले सावधानी जरूर बरतें.
कहीं आग तो कहीं झमाझम बारिश
एक तरफ जहां उत्तर भारत भयंकर गर्मी की मार झेल रहा है, वहीं देश के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश होने की भी भविष्यवाणी की गई है, जो वहां के लोगों के लिए एक बड़ी राहत होगी.
पूर्वोत्तर भारत: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और असम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है. यहां 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
दक्षिण भारत: केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.
अन्य राज्य: इसके अलावा, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है.
17 मई यानी कि रविवार के लिए आईएमडी का अपडेट
मौसम विभाग (IMD) ने किन राज्यों में 22 मई तक हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की है?
IMD के अनुसार राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और कोंकण-गोवा क्षेत्र में 22 मई तक भारी हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी.
देश की राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में तापमान कितना पहुंचने का अनुमान है?
दिल्ली में अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी और अगले सप्ताह तक पारा 45 डिग्री सेल्सियस के खतरनाक स्तर को छू सकता है.
भीषण गर्मी के बीच किन राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है?
पूर्वोत्तर राज्यों (नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल, असम) और दक्षिण भारत (केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश) के अलावा उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
