Wed. Oct 15th, 2025

चलती बस में आग लगी, 20 यात्री जिंदा जले – realtimes

176046654201

राजस्‍थान के जैसलमेर जिले में बड़ा हादसा

जैसलमेर।
राजस्‍थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार दोपहर बाद जोधपुर जा रही एक निजी बस में आग लगने से 20 लोग जिंदा जल गए और 16 गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने बताया कि 57 यात्रियों को लेकर बस अपराह्न करीब तीन बजे जैसलमेर से रवाना हुई थी। जैसलमेर-जोधपुर राजमार्ग पर बस के पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालक ने बस को सड़क किनारे रोका। हालांकि कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। उसने बताया कि स्थानीय निवासी और राहगीर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में मदद की। सेना के जवान भी मदद के लिए आगे आए। दमकल और पुलिस को सूचित किया गया और घायल यात्रियों को इलाज के लिए जैसलमेर के जवाहर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल 16 यात्रियों को जोधपुर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। पोकरण से भाजपा के विधायक प्रताप पुरी ने 20 लोगों की मौत की पुष्टि की। उन्होंने कहा,  बस में 19 यात्रियों की मौत हो गई और एक ने जोधपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुरी ने बताया कि जैसलमेर से रवाना होने के दस मिनट बाद ही बस में आग लग गई।

घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार रात जैसलमेर पहुंचे और अधिकारियों ने उन्हें घटना की जानकारी दी। जैसलमेर जिला प्रशासन ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही उसने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने अधिकारियों को घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य नेताओं ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उचित उपचार और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *