बुरहानपुर में नाबालिग किशोरी की जिंदगी इंस्टाग्राम की एक चैट से शुरू हुई दोस्ती के कारण खौफनाक अंजाम तक पहुंच गई। गणपति थाना में हुई इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी युवक ने किशोरी के साथ होटल में बार-बार शारीरिक संबंध बनाए, गर्भवती होने पर गर्भपात की गोलियां जबरन खिलाईं और अंततः इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी गणेश चौधरी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नाबालिग का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
होटल में ले जाकर आरोपी ने कई बार किया गंदा काम
जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की इंस्टाग्राम पर गणेश चौधरी से जुड़ी थी। शुरू में सामान्य बातचीत थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। आरोपी ने उसे फुसलाकर कई बार होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। संबंधों के चलते किशोरी गर्भवती हो गई। जब लड़की ने गर्भ की जानकारी दी तो आरोपी घबरा गया और उसने गर्भपात की गोलियां खिला दीं। गोलियां खाने के बाद किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिवार ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज होगा मामला
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। गणपति थाना प्रभारी सुरेश महाले ने बताया कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद आरोपी ने गलत फायदा उठाया। नाबालिग के गर्भवती होने पर गर्भपात की दवाएं खिलाकर उसकी जान ले ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, हत्या और संबंधित धाराओं में सख्त मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मेडिकल स्टोर से गोलियां खरीदने वाले व्यक्ति की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- एमपी में शिकारियों की क्रूरता: बिजली लाइन से बुना था बाघिन के शिकार का जाल, पांच आरोपी पकडे़ गए; खुलेंगे राज
परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई इस मामले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी रखता है तो वह तुरंत थाने में संपर्क करे। यह मामला न केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी है बल्कि समाज के लिए चेतावनी भी है। इंटरनेट की दुनिया में दोस्ती का चेहरा कितना भयानक हो सकता है। नाबालिग की मौत के बाद परिवार अब न्याय की गुहार लगा रहा है।
