नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट के सीनियर जस्टिस सूर्यकांत जल्द ही भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश (CJI) बनने जा रहे हैं. वर्तमान CJI बी.आर गवाई का कार्यकाल 21 नवंबर 2025 को पूरा हो गया है और सोमवार यानी 24 नवंबर से जस्टिस सूर्यकांत नए CJI के रूप में शपथ लेंगे. उनका कार्यकाल 15 महीने का होगा. वे 11 फरवरी 2027 को 65 वर्ष की आयु पूरी होने पर सेवानिवृत्त हो जाएंगे यानी वे लगभग 1 साल 3 महीने के आसपास भारत के CJI रहेंगे.
हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले जस्टिस सूर्यकांत पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और फिर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रह चुके हैं. वह साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त हुए थे. जस्टिस सूर्यकांत की संवैधानिक, चुनाव, लोकहित, पुलिस सुधार, नागरिक अधिकार और प्रशासनिक कानून के मामलों में मजबूत पहचान रही है.
कौन-कौन से केस भावी CJI सूर्यकांत के पास आ सकते हैं
सुप्रीम कोर्ट में कई ऐसे बड़े संवैधानिक और राजनीतिक महत्व के मामले लंबित हैं जो उनके कार्यकाल में सुनवाई और फैसले की दिशा तय कर सकते हैं. इनमें से प्रमुख हैं –
1. चुनाव आयोग नियुक्ति कानून की वैधता
चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव के खिलाफ कई याचिकाएं लंबित हैं. याचिकाकर्ता मांग कर रहे हैं कि: CEC और EC की नियुक्ति में निष्पक्ष समिति हो, चयन प्रक्रिया सरकार-नियंत्रित न हो और यह मामला लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा माना जा रहा है.
2. पूरे देश में SIR (Special Intensive Revision) को लेकर याचिकाएं
केरल, बंगाल, यूपी, पुडुचेरी और अन्य राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण से जुड़े मामले अभी लंबित हैं. इनमें सवाल उठाए गए हैं: मतदाता हटाने की प्रक्रिया, सत्यापन में पारदर्शिता, डिजिटल ओटीपी और फोन सत्यापन जैसे विवाद शामिल हैं. यह मामला चुनावी प्रक्रिया और नागरिक अधिकारों के केंद्र में है.
3. ईवीएम-VVPAT की 100% गिनती की मांग
कई याचिकाओं में VVPAT की 100% गिनती की मांग की गई है. मतदाता विश्वास और चुनाव पारदर्शिता से जुड़ा यह भी एक हाई-प्रोफाइल मामला है.
4. अनुच्छेद-370 के बाद की लंबित याचिकाएं (कश्मीरी नागरिक अधिकार)
कुछ याचिकाएं अभी भी अधीनस्थ मुद्दों पर लंबित हैं- राज्य का दर्जा, निवासी अधिकार, नौकरियों और भूमि नीति से जुड़ा है. यह मामला भी CJI सूर्यकांत की अदालत में आगे बढ़ सकता है.
सूर्यकांत के बाद अगला CJI कौन?
जस्टिस सूर्यकांत के बाद जस्टिस विक्रम नाथ अगला CJI हो सकते हैं. यह फैसला वरिष्ठता के आधार पर होता है और इसका ऐलान मौजूदा सीजेआई की रिटायरमेंट से पहले होता है. जस्टिस विक्रम नाथ 10 फरवरी 2027 को सीजेआई बन सकते हैं, जब सूर्यकांत से उनकी बारी आएगी. जस्टिस नाथ का सीजेआई कार्यकाल अपेक्षाकृत संक्षिप्त (लगभग 7 महीने) हो सकता है, जैसा कि विश्लेषकों ने अनुमान लगाया है.
