रमजान के पूरे तीस रोजे और इबादतों के बाद कल ईद का चांद दिखाई दिया। मस्जिदों से जानकारी दी गई और आसमान में रंग-बिरंगे पटाखे दिखाई दिए। अकीदतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे और एक-दूसरे के गले लगकर चांद और ईद की मुबारकबाद दी। जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद समेत तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में शनिवार को देशभर में हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार मनाने का एलान कर दिया गया। आज सवेरे ईद अल-फितर 2026 के अवसर पर दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने नमाज अदा की गई।
#WATCH | People offer namaz at Jama Masjid in Delhi, on the occasion of Eid al-Fitr 2026 pic.twitter.com/GzMBsy69KM
— ANI (@ANI) March 21, 2026
चांद दिखाई देने के बाद से दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और हजरत निजामुद्दीन दरगाह के आसपास का माहौल बदल गया। बाजारों में रौनक बढ़ गई। चांदनी चौक, जामा मस्जिद और ओखला जैसे इलाकों में लोग ईद की आखिरी खरीदारी के लिए उमड़ पड़े। कहीं सेवइयों की खुशबू आई, तो कहीं नए कपड़ों और इत्र की दुकानों पर भीड़ देखी गई । बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह नजर आया, जो देर रात तक अपने नए कपड़ों और जूतों की तैयारियों में जुटे रहे।
देर रात तक हुई जमकर खरीदारी
चांद रात के दिन उर्दू बाजार, मटिया महल बाजार, चितली कबर बाजार और ओखला बाजार समेत राजधानी के अन्य बाजारों में देर रात तक जमकर खरीदारी हुई। लोग अपने और अपने परिवार के लिए टोपी, कुर्ता, इत्र, सेवइयां, और मिठाई खरीदते हुए नजर आए।
चितली कबर बाजार में खरीदारी करने आए मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि उसने ईद की सारी तैयारियां कर ली है। वे बाजार में अब्बू के लिए कुर्ता और टोपी खरीदने आए हैं। सेवई और खजूर कारोबारी आमिर अली ने बताया कि इस बार रमजान में अच्छा मुनाफा हुआ है। ऐसे में उनकी ईद की खुशी दोगुनी हो गई है।
मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम है ईद
रमजान के 30 मुकम्मल रोजों के बाद मिलने वाला यह इनाम केवल जश्न का ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, मोहब्बत और जरूरतमंदों की मदद करने का भी दिन है। अकीदतमंदों ने फितरा और जकात (दान) देकर यह सुनिश्चित किया है कि समाज का हर तबका इस खुशी में शामिल हो सके। शनिवार को सुबह जब लोग एक-दूसरे के गले मिलेंगे, तो दूरियां मिटेंगी और मोहब्बत का पैगाम हर घर तक पहुंचेगा।
ईद पर दो विशेष ट्रेनों का होगा संचालन
उत्तर रेलवे ने ईद पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन संख्या 04626/04625 अमृतसर-न्यू तिनसुकिया-अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस होगी। यह अमृतसर से 22 मार्च को एक फेरा लगाएगी, जबकि वापसी में न्यू तिनसुकिया जंक्शन से 26 मार्च को संचालित होगी।
यह ट्रेन मार्ग में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। दूसरी ट्रेन संख्या 04052/04051 नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस होगी। यह नई दिल्ली से 23 मार्च को और वापसी में हावड़ा से 25 मार्च को एक-एक फेरा लगाएगी।
