Wed. Apr 22nd, 2026

आज परिवार संग दंतेवाड़ा पहुंचेंगे सचिन तेंदुलकर, खेल मैदान का करेंगे उद्घाटन

सचिन

दंतेवाड़ा। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंडुलकर आज (22 अप्रैल) अपने परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार पहुंचेंगे। यहां वे आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ समय बिताएंगे। साथ ही एक नए क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन भी करेंगे।

सचिन का यह दौरा खास तौर पर बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से है। कार्यक्रम के दौरान बच्चे खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन करेंगे। संभावना है कि सचिन खुद भी बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलें, जिससे बच्चों में खासा उत्साह है।

हालांकि पहले उनका दौरा तीन स्थानों पर प्रस्तावित था, लेकिन गीदम ऑडिटोरियम और पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड के कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भी इस दौरे में शामिल होना तय था, लेकिन उनका कार्यक्रम भी रद्द हो गया है।

सचिन तेंदुलकर के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

सचिन की संस्था दंतेवाड़ा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। जिले में अब तक 15 खेल मैदान तैयार किए जा चुके हैं और 25 स्कूलों में खेल गतिविधियां संचालित हो रही हैं। शिक्षकों को मुंबई में प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी गई है, जिससे बच्चों को बेहतर कोचिंग मिल रही है।

नक्सल प्रभावित रहा दंतेवाड़ा अब खेल और शिक्षा के जरिए नई पहचान बना रहा है। सचिन का यह दौरा इस बदलाव को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *