Thu. Apr 23rd, 2026

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को लगी 2.99 लाख करोड़ की चपत

6a30a74207d5214dc738bb4af26da94b 315404384

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर बनी अनिश्चितता, कमजोर वैश्विक संकेत और कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी ने घरेलू शेयर बाजार को आज लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद होने के लिए मजबूर कर दिया।

आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर तक खरीदारी का रुख भी बना, लेकिन ये तेजी अधिक देर तक कायम नहीं रह सकी।

सुबह 10 बजे के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी बढ़ती चली गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ऑटोमोबाइल, पीएसयू बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में लगातार बिकवाली होती रही। इसके अलावा आईटी, एफएमसीजी, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए।

दूसरी ओर, मीडिया और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। इसी तरह कैपिटल गुड्स और हेल्थकेयर इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे।

ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब तीन लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 466.37 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया।

जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 469.36 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.99 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,449 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,762 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,517 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 170 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए।

एनएसई में आज 2,965 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,031 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,934 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए।

इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान में और 33 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 532.83 अंक की कमजोरी के साथ 77,983.66 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव के कारण यह सूचकांक 823.43 अंक टूट कर 77,693.06 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद लिवालों ने खरीदारी का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में सुधार होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के करीब यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 194.88 अंक की रिकवरी कर 78,178.54 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की गिरावट बढ़ती चली गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 942.31 अंक लुढ़क कर 77,574.18 अंक तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 90 अंक की रिकवरी कर 852.49 अंक की गिरावट के साथ 77,664 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 175.75 अंक फिसल कर 24,202.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने की वजह से यह सूचकांक 243.30 अंक लुढ़क कर 24,134.80 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे के थोड़ी देर बाद निफ्टी ओपनिंग लेवल से करीब 107.85 अंक की रिकवरी कर 24,310.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की गिरावट बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक गिर कर 24,162.50 अंक के स्तर तक आ गया।

अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी थोड़ा सुधर कर 205.05 अंक की कमजोरी के साथ 24,173.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 9.37 प्रतिशत, सिप्ला 5.63 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल 4.26 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 1.73 प्रतिशत और अपोलो हॉस्पिटल 1.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए।

दूसरी ओर, ट्रेंट लिमिटेड 4.13 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.37 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.24 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 3.01 प्रतिशत और टेक महिंद्रा 2.81 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

 

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *