अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत ‘बहुत अच्छी’ चल रही है. उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों के तहत अगले साल भारत आने की योजना बना रहे हैं.
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने मोदी को अपना महान दोस्त बताया और कहा कि हमारी बातचीत बहुत अच्छी चल रही है. उन्होंने इशारा किया कि ऊर्जा आयात पर वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच समझौता बढ़ रहा है.
ट्रंप ने कहा कि वह (पीएम मोदी) चाहते हैं कि मैं वहां जाऊं. हम इस पर विचार करेंगे, मैं अगले साल वहां जाऊंगा.
ट्रंप ने पिछली भारत यात्रा के दौरान ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम का जिक्र किया जो निजी क्षेत्र के सहयोग से सफल रहा था. अब ट्रंप की अगली भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच निवेश और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने रूस से तेल खरीदना लगभग बंद कर दिया है जो उनके प्रशासन द्वारा रूसी ऊर्जा खरीदने वाले देशों पर कड़ी कार्रवाई के अनुरूप है.
राष्ट्रपति ट्रंप का ये बयान दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने का संकेत है. ट्रंप और मोदी के बीच व्यक्तिगत संबंधों की प्रशंसा भी दिखाई देती है. भारत दौरे की योजना से ये साफ है कि दोनों देश व्यापार, ऊर्जा और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के इच्छुक हैं.
—- समाप्त —-
