‘केंद्र में जल्द गिर जाएगी BJP सरकार’, बंगाल चुनाव में हार के बाद बोलीं ममता
Last Updated:
Mamata Banerjee on BJP: टीएमसी नेताओं की बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, ‘दिल्ली में बीजेपी की सरकार आने वाले दिनों में सत्ता से हट जाएगी.’ उनके इस बयान को बंगाल चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है.
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है. पार्टी विधायकों के साथ कालीघाट में हुई बैठक में ममता बनर्जी ने दावा किया कि आने वाले समय में केंद्र की बीजेपी सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी.
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि टीएमसी नेताओं की बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, ‘दिल्ली में बीजेपी की सरकार आने वाले दिनों में सत्ता से हट जाएगी.’ उन्होंने दावा किया कि मौजूदा राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं और बीजेपी लंबे समय तक सत्ता में नहीं रहने वाली. उनके इस बयान को बंगाल चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है.
बैठक में मौजूद टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, बीजेपी के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘वे जो करना चाहें करें, घर तोड़ दें, नोटिस भेज दें, लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं.’
इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य ने कई मुख्यमंत्री देखे, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री जैसे नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि कैमरे पर पैसे लेते दिखे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया.
गौरतलब है कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 207 सीटें हासिल कीं और 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी सरकार को बाहर कर दिया. वहीं टीएमसी केवल 80 सीटों पर सिमट गई. इस हार के बाद पार्टी लगातार संगठन को संभालने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में जुटी हुई है.
चुनाव नतीजों के बाद राज्य में कथित पोस्ट पोल हिंसा को लेकर भी सियासत तेज हो गई है. टीएमसी ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख करते हुए आरोप लगाया कि राज्य के कई हिस्सों में उसके कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों पर हमले हुए हैं. पार्टी ने अदालत से प्रभावित कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और हिंसा की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
याचिका में दावा किया गया है कि कोलकाता, हावड़ा और कई जिला शहरों में आगजनी, तोड़फोड़ और राजनीतिक हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. हालांकि बीजेपी और टीएमसी दोनों ही एक-दूसरे पर हिंसा भड़काने के आरोप लगा रहे हैं. टीएमसी नेताओं का कहना है कि चुनाव परिणाम आने के बाद उनके कई कार्यकर्ताओं की हत्या भी हुई.
इसी मामले को लेकर 14 मई को ममता बनर्जी वकीलों का चोगा पहनकर खुद कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची थीं, जहां उन्होंने मुख्य न्यायाधीश एचसी सुजॉय पॉल के सामने जनहित याचिका से जुड़े मामले में पेशी दी थी.
About the Author
साद बिन उमर को पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है, जिनमें से 12 साल उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को दिए है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने आज तक, एनडीटीवी, पीटीआई और नया इंडिया जैसे प्र…और पढ़ें
