बांग्लादेश का एक भैंसा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. वजह है उसका नाम और उसकी हेयरस्टाइल. लोग उसकी तुलना अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लुक से कर रहे हैं. बांग्लादेश में बकरीद की तैयारियां चल रही हैं, ऐसे में इस भैंसे की भी कुर्बानी दी जानी है.
करीब 1500 पाउंड वजनी इस भैंसे को देखने के लिए लोग दूर-दूर से बांग्लादेश के नारायणगंज इलाके में पहुंच रहे हैं. यह भैंसा जिया उद्दीन मृधा नाम के किसान के फार्म में रहता है, जो ढाका के पास स्थित है.
कैसे पड़ा ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम?
भैंसे के मालिक जिया उद्दीन मृधा ने बताया कि उसके सुनहरे और आगे की ओर झुके बालों की वजह से उनके भाई ने मजाक में उसका नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रख दिया था. धीरे-धीरे यह नाम इतना लोकप्रिय हो गया कि लोग खास तौर पर उसी नाम से उसे देखने आने लगे.
मृधा ने बताया कि एक बार पांच दोस्तों का समूह फार्म पर आया था. उन्होंने कहा कि भैंसे की शक्ल और हेयरस्टाइल बिल्कुल डोनाल्ड ट्रंप जैसी लगती है. इसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि मेरा भतीजा सिर्फ ‘डोनाल्ड ट्रंप’ को देखने के लिए एक घंटे नाव से सफर करके यहां आया था.
यह भी पढ़ें: बकरीद से पहले बांग्लादेश में छाए ‘Trump’ और ‘Netanyahu’ भैंसे, लोग लेने लगे सेल्फी
ईरान ने भी लिये मजे
ईरान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बांग्लादेश के उस वायरल अल्बिनो भैंसे को लेकर तंज कसा है. ईरान इन रशिया अकाउंट ने पोस्ट में लिखा कि बेचारा! डोनाल्ड ट्रंप से तुलना होने के बाद बांग्लादेशी भैंसा परेशान हो गया.
ईद पर होगी कुर्बानी
हालांकि, इंटरनेट पर मशहूर हो चुके इस भैंसे की जिंदगी अब ज्यादा दिनों की नहीं बची है. चार साल के इस भैंसे को ईद-उल-अजहा के मौके पर कुर्बानी के लिए तैयार किया जा रहा है.बांग्लादेश में हर साल ईद-उल-अजहा पर लाखों जानवरों की कुर्बानी दी जाती है और इस बार ‘डोनाल्ड ट्रंप’ भी उन्हीं में शामिल होगा.
भैंसे के मालिक जिया उद्दीन मृधा ने बताया कि पिछले एक साल से वह खुद उसकी देखभाल कर रहे हैं और उससे उनका खास लगाव हो गया है. उन्होंने कहा कि मैं डोनाल्ड ट्रंप को मिस करूंगा, लेकिन कुर्बानी ही ईद-उल-अजहा की असली भावना है.
भैंसा बिक चुका है
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भैंसा पहले ही बिक चुका है. इसकी कीमत 550 टका प्रति किलो (लाइव वेट) तय की गई थी. कुल कीमत करीब 3.5 से 3.85 लाख टका बताई जा रही है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये के बराबर है.बताया गया है कि इसे ढाका के जिंजिरा (रसुलपुर) इलाके के मोहम्मद शोरन ने खरीदा है. फार्म मालिक जियाउद्दीन मृधा के अनुसार, भैंसे को खरीदार तक पहुंचा भी दिया गया है और इसका इस्तेमाल ईद-उल-अजहा की कुर्बानी के लिए किया जाएगा.
फार्म के दूसरे ‘सेलिब्रिटी’ जानवर भी चर्चा में
दिलचस्प बात यह है कि इस फार्म में सिर्फ ‘डोनाल्ड ट्रंप’ ही नहीं, बल्कि कई और जानवर भी अपने अनोखे नामों की वजह से चर्चा में हैं.
यहां एक आक्रामक बैल का नाम ‘तूफान’ रखा गया है, जबकि एक बेहद भारी-भरकम जानवर को ‘फैट बॉय’ कहा जाता है. वहीं, एक शांत स्वभाव वाले जानवर का नाम ‘स्वीट बॉय’ है.
फार्म में एक और सुनहरे बालों वाला बैल भी है, जिसका नाम ब्राजील के फुटबॉलर ‘नेमार’ रखा गया है, क्योंकि उसके बाल भी ब्लीच किए हुए सुनहरे दिखते हैं. वहीं एक भैंसे का नाम नेतन्याहू भी रखा गया है. वजह उसके आक्रामक स्वभाव है.सोशल मीडिया पर अब यह पूरा फार्म लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम का यह भैंसा इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है.
—- समाप्त —-
