Published on: 31-Mar-2026
Updated on: 31-Mar-2026
विषय सूची
भारत की अग्रणी ऑटोमोबाइल और कृषि मशीनरी निर्माता कंपनी महिंद्रा & महिंद्रा ने मध्यप्रदेश के पीथमपुर स्थित अपने फार्म मशीनरी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने इस संयंत्र से 1000वें हार्वेस्टर का सफल रोल-आउट किया। इस खास मौके पर कंपनी ने प्लांट में कार्यरत महिला कर्मचारियों के योगदान को भी सम्मानित किया। यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि संयंत्र में उत्पादन शुरू होने के बाद से कंपनी ने अपने संचालन और उत्पादन क्षमता का तेजी से विस्तार किया है। कंपनी के अनुसार यह उपलब्धि कृषि मशीनरी निर्माण क्षेत्र में महिंद्रा की बढ़ती ताकत को दर्शाती है और किसानों तक आधुनिक कृषि उपकरण पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
महिला कर्मचारियों की अहम भूमिका
महिंद्रा & महिंद्रा के पीथमपुर स्थित इस संयंत्र में वर्तमान समय में 40 से अधिक महिला पेशेवर विभिन्न तकनीकी और संचालन से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कंपनी का कहना है कि महिला कर्मचारियों की भागीदारी न केवल उत्पादन प्रक्रिया को मजबूत बनाती है बल्कि कार्यस्थल पर समान अवसर और समावेशी माहौल बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाती है।
महिंद्रा लगातार विनिर्माण क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं तकनीकी, इंजीनियरिंग और प्रबंधन से जुड़े कार्यों में आगे आ सकें।
2022 में शुरू हुआ था संयंत्र
मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्र Pithampur में स्थित यह प्लांट महिंद्रा & महिंद्रा की पहली समर्पित फार्म मशीनरी निर्माण इकाई है। इस संयंत्र की स्थापना वर्ष 2022 में की गई थी।
इस प्लांट को स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य एक मजबूत सप्लायर इकोसिस्टम तक पहुंच बनाना और आधुनिक कृषि मशीनरी का उत्पादन बढ़ाना था। यहां टिकाऊ, उच्च गुणवत्ता वाली और किफायती कृषि मशीनरी का निर्माण किया जाता है, जो “मेड इन इंडिया, फॉर इंडिया” के सिद्धांत पर आधारित है। इस प्लांट में तैयार किए गए उत्पादों का विपणन कंपनी के महिंद्रा और स्वराज ब्रांड के तहत किया जाता है।
अन्य संयंत्रों में भी मनाया गया महिला दिवस
महिंद्रा ने International Women’s Day के अवसर पर अपने अन्य विनिर्माण संयंत्रों में भी महिला कर्मचारियों के साथ यह उत्सव मनाया। कंपनी के मुंबई, नागपुर, रुद्रपुर, ज़हीराबाद और जयपुर स्थित निर्माण इकाइयों में भी महिला कर्मचारियों के योगदान को सराहा गया। इन स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देना और कार्यस्थल पर समानता को बढ़ावा देना था।
महिंद्रा समूह के बारे में
महिंद्रा की स्थापना वर्ष 1945 में हुई थी और आज यह दुनिया के प्रमुख बहुराष्ट्रीय औद्योगिक समूहों में से एक है। कंपनी के 100 से अधिक देशों में लगभग 3.24 लाख कर्मचारी कार्यरत हैं। यह समूह भारत में कृषि उपकरण, यूटिलिटी वाहन, सूचना प्रौद्योगिकी और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी स्थान रखता है। उत्पादन के आधार पर महिंद्रा दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनियों में भी शामिल है। इसके अलावा समूह की मजबूत उपस्थिति नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि, लॉजिस्टिक्स, हॉस्पिटैलिटी और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में भी है। कंपनी का लक्ष्य वैश्विक स्तर पर ईएसजी (पर्यावरण, सामाजिक और शासन) मानकों में अग्रणी बनना, ग्रामीण समृद्धि को बढ़ावा देना और शहरी जीवन को बेहतर बनाना है, ताकि समाज और समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
मेरीखेति प्लैटफॉर्म आपको खेती-बाड़ी से जुड़ी सभी ताज़ा जानकारियां उपलब्ध कराता रहता है। इसके माध्यम से ट्रैक्टरों के नए मॉडल, उनकी विशेषताएँ और खेतों में उनके उपयोग से संबंधित अपडेट नियमित रूप से साझा किए जाते हैं। साथ ही स्वराज, आयशर, जॉन डियर और सोनालीका ट्रैक्टर जैसी प्रमुख कंपनियों के ट्रैक्टरों की पूरी जानकारी भी यहां प्राप्त होती है।
