कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर पोंडी चौकी क्षेत्र के पोंडी बायपास में आज दोपहर यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस ने एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
इस हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 60 से अधिक यात्री सवार थे, जो जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे।
कवर्धा पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। बस चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सीधे सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
पोंडी पुलिस चौकी और थाना क्षेत्र की टीम ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और डायल 112 की एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा।
संबंधित थाने में बस चालक के खिलाफ धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बस और ट्रक को जब्त कर आगे की तकनीकी जांच कर रही है। यह घटना पोंडी चौकी क्षेत्र के पोंडी बायपास की बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
