Sun. Apr 19th, 2026

राजनांदगांव में गर्मी ने इस साल के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए,तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

blank

रायपुर । छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गर्मी ने इस साल के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह जिला पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे गर्म रहा। रायपुर और दुर्ग संभाग के अन्य जिलों में भी पारा 42-44 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों के लिए भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। शुष्क हवाओं के कारण तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को लेकर हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव में लू जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। आज भी एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है।प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

सुबह से ही तेज धूप और तपती हवाएं लोगों का जीना मुश्किल कर रही हैं। सड़कों पर सन्नाटा और घरों में कैद लोग गर्मी का असर हर जगह साफ दिख रहा है।पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में आज तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। राज्य में रात के समय भी गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद कम है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से लेकर प्रदेश तक फैली द्रोणिका, ओडिशा के पास बना चक्रवाती सिस्टम और महाराष्ट्र-तेलंगाना क्षेत्र में सक्रिय एंटी-साइक्लोन मिलकर गर्म हवाओं को लगातार बढ़ा रहे हैं। इसके चलते हवा में नमी की कमी है और उमस के बिना भी गर्मी ज्यादा चुभने लगी है। फिलहाल लोगों को राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आने वाले दो दिनों तक तापमान इसी तरह ऊंचा बना रह सकता है, जिससे गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है।

राजधानी रायपुर में हालात खासे गंभीर हैं। यहां दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। दिनभर धूप इतनी तेज रहती है कि बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और शाम तक गर्म हवाएं चलती रहती हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, खूब पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *