Sun. Apr 26th, 2026

सिर्फ एक चूक और एक ही स्कूल के 76 छात्र हाईस्कूल में फेल, रायबरेली से सामने आया चौंकाने वाला मामला जिसे सुनकर पकड़ लेंगे सिर

HYP 5832234 cropped 25042026 222306 untitled design 20260425 2 2

Last Updated:

रायबरेली के सर्वोदय इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड हाईस्कूल रिजल्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. प्रयोगात्मक परीक्षा में कोडिंग गलती के कारण एक ही सेंटर के सभी 76 छात्र फेल हो गए. शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नया परिणाम जारी करने की तैयारी है.

रायबरेली: रायबरेली में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में एक पूरे सेंटर के सभी बच्चे फेल हो गए हैं. बच्चों के फेल होने का कारण स्कूल की गलती बताई जा रही है. स्कूल की इस गलती से हाईस्कूल में पढ़ने वाले 76 छात्र-छात्राएं मायूस हो गए हैं. मामला अटौरा के किलौली स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज का है.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, यहां पंजीकृत हाईस्कूल के सभी छात्रों के प्रयोगात्मक परीक्षा के नंबर बोर्ड को गलत कोड से भेज दिए गए. यहां हाईस्कूल परीक्षा के लिए 36 छात्र और 40 छात्राएं पंजीकृत थीं. सभी बच्चों ने पूरी तैयारी के साथ प्रयोगात्मक और लिखित परीक्षा दी थी. जब परीक्षा परिणाम आया तो हाईस्कूल के सभी 76 छात्र फेल हो गए.

जानकारी करने पर प्रबंधन को बताया गया कि आपके बच्चे प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल हैं. प्रबंधन ने इस बात से इंकार किया तो बोर्ड ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा की कॉपी पर A+ की जगह AA+ लिख दिया गया, जिसका मतलब एब्सेंट (Absent) होता है. इसी वजह से सभी बच्चों को एब्सेंट मानते हुए फेल कर दिया गया.

इस मामले में जहां प्रबंधन लगातार बच्चों के भविष्य को लेकर प्रयास कर रहा है, वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी बोर्ड से संपर्क स्थापित किया है.

विद्यालय प्रबंधन ने गलती मानने से किया इंकार

सर्वोदय इंटर कॉलेज की व्यवस्थापक मुनीश त्रिवेदी ने फोन के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में फेल हुए परीक्षार्थियों को लेकर यह तकनीकी त्रुटि है, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम अच्छा रहा है. विद्यालय प्रबंधन बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है और जल्द ही बोर्ड से संपर्क कर नए सिरे से परिणाम जारी कराने का प्रयास करेगा. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की किसी भी गलती से इनकार किया है.

विद्यालय प्रबंधन को जारी किया गया नोटिस

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया कि गुरुवार को जारी बोर्ड परीक्षा परिणाम में जिले के सभी विद्यालयों के बच्चे अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए हैं, लेकिन सिर्फ सर्वोदय इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के सभी 76 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण आए हैं. मामला संज्ञान में आते ही विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया गया है. जांच में पाया गया कि शारीरिक शिक्षा परीक्षा में विद्यालय प्रबंधन की ओर से गलत ग्रेडिंग कर दी गई, जिससे सभी 76 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हो गए. माध्यमिक शिक्षा परिषद से समन्वय स्थापित कर जल्द ही नया परीक्षा परिणाम जारी कराया जाएगा.

About the Author

authorimg

Vivek Kumar

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *