Mon. Mar 16th, 2026

छत्तीसगढ़ में 12वीं हिंदी बोर्ड परीक्षा का पेपर हुआ लीक, NSUI ने मंडल कार्यालय घेरने का किया ऐलान

रायपुर में 14 मार्च को आयोजित 12वीं बोर्ड हिंदी परीक्षा का पेपर एक रात पहले व्हाट्सएप पर लीक होने का गंभीर दावा NSUI ने किया है। वायरल हाथ से लिखे प्रश्न असली पेपर से हूबहू मिले हैं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। छात्र संगठन NSUI ने दावा किया है कि 14 मार्च को आयोजित हिंदी विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से एक दिन पहले ही सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुपों में वायरल हो गया था। संगठन ने आरोप लगाया है कि जो सवाल 13 मार्च की देर रात एक व्हाट्सऐप चैनल पर साझा किए गए थे वही लगभग उसी क्रम में अगले दिन के प्रश्नपत्र में पूछे गए थे। इस मामले को लेकर NSUI ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

छात्र संगठन के अनुसार 13 मार्च की रात करीब 2 बजकर 41 मिनट पर जीनियस एकेडमी ऑनलाइन नाम के एक व्हाट्सऐप चैनल पर एक महिला द्वारा दो पन्नों में हाथ से लिखे करीब 15 सवाल शेयर किए गए थे। इसके कुछ ही मिनट बाद लगभग 2 बजकर 43 से 2 बजकर 44 मिनट के बीच उसी नंबर से एक और संदेश भेजा गया था जिसमें लिखा था “इसे भी देख लेना।” दावा किया जा रहा है कि इन दो पन्नों पर लिखे गए सवाल अगले दिन 14 मार्च को आयोजित 12वीं की हिंदी परीक्षा के प्रश्नपत्र से लगभग पूरी तरह मेल खाते हैं। यहां तक कि व्हाट्सऐप पर शेयर किए गए सवालों का क्रम भी वही बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:कटक के SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत और 11 झुलसे

इस पूरे मामले को सबसे पहले सोशल मीडिया पर NSUI के छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने उठाया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र के सवाल वायरल हो गए थे। लहरे ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र बाहर आ गया तो यह छात्रों के साथ गंभीर अन्याय है और इसकी उच्चस्तरीय जांच होना जरूरी है।

NSUI के पदाधिकारियों का कहना है कि यह मामला लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा हुआ है इसलिए सरकार और शिक्षा मंडल को इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें:BCCI अवॉर्ड्स: गिल और मंधाना क्रिकेटर ऑफ द ईयर, द्रविड़ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

इसी मुद्दे को लेकर NSUI ने सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में जल्द और ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को राज्यभर में और तेज किया जाएगा।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *