Last Updated:
Petrol Pump New Rule : पेट्रोल पंप मालिकों के लिए तेल कंपनियों ने नया नियम लागू कर दिया है. अब देश के किसी भी पेट्रोल पंप को तेल कंपनियां क्रेडिट पर ईंधन नहीं उपलब्ध कराएंगी और उन्हें पहले भुगतान करना होगा तब सप्लाई की जाएगी. इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने देश के 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप पर यह व्यवस्था लागू कर दी है.

देश के 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप को अब एडवांस्ड भुगतान पर ही तेल मिलेगा.
नई दिल्ली. ईरान और इजराइल के युद्ध ने पेट्रोल पंप मालिकों को भी ऐसा दिन दिखा दिया, जो उन्होंने कभी सोचा नहीं था. अभी तक एलपीजी सप्लाई पर दिख रहा संकट अब धीरे-धीरे पेट्रोल पंपों की ओर भी बढ़ रहा है. देश की सभी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप मालिकों के लिए नया नियम लागू कर दिया है. इसकी आंच जल्द ही आम आदमी तक भी पहुंच सकती है. देश की सभी तेल कंपनियों ने कहा है कि पेट्रोल पंप को प्री-पेमेंट पर ही तेल दिया जाएगा और मौजूदा संकट को देखते हुए उनके क्रेडिट पर तेल देने की व्यवस्था बंद की जा रही है.
लाइवमिंट के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों ने खुदरा पेट्रोल पंप को उनके क्रेडिट पर ईंधन की सप्लाई बंद कर दी है और भुगतान को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं. मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि ईरान के होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के बाद सप्लाई चेन में दिक्कतें आ रही हैं और इसे देखते हुए तेल कंपनियों ने यह फैसला किया है. हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने पिछले सप्ताह से ही एडवांस पेमेंट सिस्टम लागू कर दिया था, जबकि इंडियन ऑयल ने बीते सोमवार से 5 दिन की क्रेडिट पॉलिसी को भी निलंबित कर दिया है.
अभी तेल पहले और पैसा बाद में
तेल कंपनियों ने अभी तक पेट्रोल पंप के लिए शॉर्ट टर्म क्रेडिट पॉलिसी लागू की थी, जहां मालिकों को तेल पहले मिलता था और पैसा बाद में भुगतान करना पड़ता था. देश की तीनों सरकारी तेल कंपनियों के इस फैसले का असर करीब 1 लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप पर दिखेगा, जो आगे चलकर आम आदमी तक भी दिख सकता है. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब पश्चिम एशिया तनाव की वजह से भारत के 40 फीसदी तेल सप्लाई रूट पर दिक्कतें पैदा हो गई हैं. इससे दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल खपत वाले देश के सामने संकट पैदा हो गया है.
देश में कितने तेल की खपत
एजेंसियों का अनुमान है कि अगले वित्तवर्ष में भारत में तेल की खपत करीब 26 करोड़ टन के आसपास पहुंच जाएगी. खुदरा पेट्रोल पंप के अलावा तेल कंपनियों ने एग्रीकल्चर सेक्टर के थोक खरीदारों, ट्रांसपोर्ट और उद्योगों को भी क्रेडिट पर तेल उपलब्ध कराना बंद कर दिया है. हालांकि, पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से इसका कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया है, लेकिन कई पेट्रोल पंप मालिकों ने इस तरह की व्यवस्था की पुष्टि की है.
क्या कहते हैं पेट्रोल पंप संगठन
भारतीय पेट्रोलियम डीलर्स संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय लोध का कहना है कि सभी तीनों सरकारी तेल कंपनियों ने एडवांस्ड पेमेंट सिस्टम लागू कर दिया है और किसी भी पेट्रोल पंप को क्रेडिट पर तेल नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है. अभी तक तीनों ही कंपनियां क्रेडिट लाइन देती थीं, जिससे कुछ दिनों की मोहलत मिल जाती थी. यह संगठन देश के 30 हजार से ज्यादा पेट्रोल पंप का प्रतिनिधित्व करता है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
