मध्यप्रदेश में इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर मंगलवार शाम सुरक्षा के दावों की ऐसी धज्जियांं उड़ीं कि देखने वाले दंग रह गए. दिल्ली की शादी से इंदौर लौटे रिटायर्ड बैंक अफसर और उनकी पत्नी के लिए एयरपोर्ट से ली गई टैक्सी उस वक्त ‘काल’ बन गई, जब सुपर कॉरिडोर पर एक सिरफिरे पेचकसबाज अमन पाल ने लिफ्ट के बहाने एंट्री मारी. इस सनकी ने न केवल ड्राइवर को लहूलुहान कर गाड़ी से बाहर फेंका, बल्कि स्टेयरिंग थामकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर मौत का तांडव शुरू कर दिया.
लहूलुहान होने के बाद भी बदमाश से जूझते रहे
चलती कार में वह करीब आधे घंटे तक आरोपी पेचकस से वार करता रहा और खूनी खेल खेलता रहा. 66 वर्षीय अनिल शुक्ला और उनकी पत्नी ने वो दिलेरी दिखाई कि आरोपी का सारा आतंक धरा का धरा रह गया. लहूलुहान होने के बाद भी इस जांबाज दंपती ने घुटने नहीं टेके और अपराधी से तब तक जूझते रहे जब तक उसकी हिम्मत जवाब नहीं दे गई.
मंगलवार को दंपति एयरपोर्ट परिसर से टैक्सी कर सुपर कॉरिडोर के रास्ते अपने घर जा रहे थे. तभी बीच रास्ते में एक युवक आया और उसने टैक्सी ड्राइवर को पेंचकस दिखाकर धमकाया. ड्राइवर को नीचे उतारकर वह खुद ड्राइव करते हुए दंपति को बांधक बनाकर करीब आधे घंटे तक मारपीट करता रहा. आरोपी ने पेंचकस से दंपति पर हमला भी किया.
शहर से बाहर ले गया पेचकसबाज
दोनों पति पत्नी बोलते रहे आपको जो लेना हो ले लो लेकिन हमें छोड़ दो, लेकिन आरोपी ने एक ना सुनी और उनको इंदौर से बाहर की ओर लेकर गया. हालांकि दम्पति ने हिम्मत नहीं हारी और चलती कार में उसके साथ जूझते रहे. वे दोनों घायल हो गए. इसी बीच कार का संतुलन बिगाड़ा और वह जाकर एक खंबे से टकरा गई.
यह इलाका हमारा नहीं है, तुम्हारा है…करती रही पुलिस
घायल अनिल शुक्ला की पत्नी रेखा शुक्ला ने कार से निकालकर लोगों से मदद मांगी. लोगों ने उनकी मदद की और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. इसके बाद इंदौर पुलिस दम्पति को यह बोलती रही की यह इलाका हमारा नहीं है, दूसरे थाने का है. जब दंपत्ति ने पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की तब जाकर एफआईआर दर्ज की गई. दंपत्ति का इलाज इंदौर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
फिलहाल, आरोपी सलाखों के पीछे है और घायल दंपती का अस्पताल में इलाज जारी है. इस पूरी वारदात ने साफ कर दिया कि शहर की सुरक्षा अब केवल फाइलों और कागजों तक सिमट गई है.
—- समाप्त —-
