सूरजपुर। सूरजपुर जिले की शिवानी भूमिगत खान में हथियार लेकर घुसे बदमाशों द्वारा लाखों की कॉपर केबल चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज शनिवार को 7 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चोरी का माल और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
शिवानी भूमिगत खान में हथियार के बल पर कॉपर केबल तार चोरी करने वाले 7 आरोपितों को थाना भटगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 2 लाख 50 हजार रुपए मूल्य का 70 मीटर कॉपर केबल तार और घटना में प्रयुक्त तलवार व तब्बल जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को खदान प्रबंधक चन्द्रकांत सोनवानी ने थाना भटगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल की सुबह अज्ञात बदमाश प्रतिबंधित क्षेत्र में हथियार लेकर घुसे और खदान के अंदर रखे कॉपर केबल को काटकर चोरी कर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। हथियारबंद होने के कारण ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड डर के चलते उन्हें रोक नहीं सके।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 307, 3(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों रवि उर्फ चरण अगरिया, कमलेश सिंह, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा, बल्लू सिंह और दिनेश सिंह के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि खदान में प्राइवेट ठेकेदार के यहां काम करने वाले धनु सिंह ने केबल की जानकारी देकर चोरी में सहयोग किया था।
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके निशानदेही पर जंगल किनारे छुपाकर रखे गए कॉपर केबल तार और हथियार बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह, एएसआई राजकिशोर खलखो, सिक्योरिटी ऑफिसर नागेंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपित:
नरेन्द्र सिंह उर्फ पण्डा, रवि उर्फ चरण अगरिया, कमलेश सिंह, घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा, बल्लू सिंह, दिनेश सिंह एवं धनु सिंह।
