Sun. Apr 26th, 2026

मंडी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा में 7 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

0

जगदलपुर । छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले में जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में संपन्न हुई। कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में आयोजित इस परीक्षा के लिए समूचे जिले में आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक सभी 46 केंद्रों पर परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी रहा। जिले के 46 केंद्रों में कुल 12,136 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,662 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 4,474 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षार्थियों के लिए विशेष ‘ड्रेस कोड’ लागू किया गया था, जिसके तहत केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और पैरों में चप्पल पहनकर आने की अनुमति दी गई थी। काले, गहरे नीले, जामुनी और मैरून जैसे गहरे रंगों के परिधानों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहा।

सुरक्षा और शुचिता को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने इस बार बेहद कड़े प्रबंध किए थे। परीक्षा की निगरानी के लिए गठित 5 विशेष उड़नदस्ता दलों ने निरंतर केंद्रों का भ्रमण कर सघन निरीक्षण किया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर के माध्यम से हर एक अभ्यर्थी की गहन तकनीकी जांच की। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे ही केंद्रों पर रिपोर्ट करने की सलाह दी गई थी, जिससे समय रहते फ्रिस्किंग और सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण की जा सके।

अनुशासन को बनाए रखने के लिए परीक्षा कक्ष के भीतर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट और टोपी के साथ-साथ कान के आभूषणों को ले जाना भी पूरी तरह वर्जित किया गया था। हालांकि, धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक में पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अतिरिक्त सुरक्षा जांच के उपरांत परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की। प्रशासन द्वारा जारी की गई चेतावनियों और निर्देशों का पालन करते हुए अधिकांश परीक्षार्थी केवल आवश्यक नीले या काले बॉल पॉइंट पेन के साथ ही केंद्रों पर नजर आए, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हुई।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *