Last Updated:
Danapur-Bihta Elevated Road: पटना से भोजपुर, बक्सर, रोहतास व यूपी जाने वालों को दानापुर-बिहटा रोड निर्माण के कारण जाम व खराब सड़क से परेशानी हो रही है. सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. जब ऑफिस, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों की भीड़ बढ़ जाती है.कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जा रही है. ऐसे में बिहटा-सरमेरा फोरलेन व नौबतपुर मार्ग नया व आसान विकल्प बनकर राहत दे रहे हैं.
भोजपुर: पटना से भोजपुर, बक्सर, रोहतास और यूपी की ओर सड़क मार्ग से सफर करने वाले लोगों के लिए इन दिनों यात्रा किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गई है. दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के चलते मुख्य सड़क की स्थिति काफी खराब हो चुकी है. जगह-जगह सड़क खोदी गई है. कई हिस्सों में डायवर्जन बनाया गया है और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पूरी तरह धूल और गड्ढों में तब्दील हो गई है.
सबसे ज्यादा परेशानी बिहटा, कोईलवर और दानापुर के बीच देखने को मिल रही है. कई स्थानों पर सड़क संकीर्ण हो जाने की वजह से छोटे और बड़े वाहनों की लंबी कतार लग जा रही है. सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. जब ऑफिस, स्कूल और बाजार जाने वाले लोगों की भीड़ बढ़ जाती है.कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जा रही है.
डेढ़ घंटा का सफर दो से तीन घंटे में
पहले जहां पटना से आरा पहुंचने में करीब डेढ़ घंटा लगता था. वहीं अब लोगों को दो से तीन घंटे तक का समय लग रहा है. यूपी या बक्सर की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किल और बढ़ गई है. क्योंकि लंबी दूरी के ट्रक और बसें भी इसी मार्ग से गुजर रही हैं. लगातार जाम में फंसे रहने से ईंधन की खपत बढ़ रही है. यात्रियों को मानसिक व शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है.
राहत का रास्ता बनकर उभरा बिहटा-सरमेरा
इसी बीच बिहटा-सरमेरा फोरलेन सड़क लोगों के लिए राहत का रास्ता बनकर उभरा है. यह सड़क अपेक्षाकृत चौड़ी और बेहतर स्थिति में है. जिससे वाहन चालकों को बार-बार रुकना नहीं पड़ता. इस मार्ग से लोग बिहटा से सीधे नौबतपुर होते हुए पटना की ओर आसानी से पहुंच सकते हैं. खास बात यह है कि इस रूट पर ट्रैफिक दबाव फिलहाल कम है. जिससे यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो रही है.
पश्चिम बिहार-यूपी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत
भोजपुर, बक्सर और रोहतास से आने वाले कई निजी वाहन चालक अब इसी वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने लगे हैं. कई ट्रांसपोर्टर भी समय बचाने के लिए इस रास्ते को बेहतर मान रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इस रूट पर संकेतक और ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर कर दे तो यह सड़क पश्चिम बिहार और यूपी जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.
जाम से मिलेगी राहत-सफर होगा तेज
दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड परियोजना पूरी होने के बाद भविष्य में निश्चित रूप से लोगों को जाम से राहत मिलेगी और सफर तेज होगा. लेकिन फिलहाल निर्माण कार्य के कारण हो रही परेशानी के बीच बिहटा-सरमेरा फोरलेन और नौबतपुर मार्ग ही यात्रियों के लिए सबसे आसान, तेज और सुविधाजनक विकल्प बनता दिख रहा है.
About the Author

मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
