Sat. May 23rd, 2026

देसी AMCA का सपना होने लगा साकार! भारत आया फ्रांस का टॉप डेलिगेशन, DRDO से क्या बात हुई?

AMCA 2026 05 ff1c65a960a1a3a3359f18038d848492

India 5th Gen Fighter Jet News: जिस पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट के लिए भारत पिछले 16 साल से संघर्ष कर रहा है, ऐसा लग रहा है कि अब वह पूरा ही होने वाला है. बुधवार, 20 मई को भारतीय सशस्त्र बलों को अत्याधुनिक और स्वदेशी हथियारों से लैस करने वाली संस्था रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के हेडक्वार्टर में हाल ही में हुई एक हाई-प्रोफाइल मीटिंग हुई. फ्रांस की रक्षा खरीद एजेंसी (DGA) के डेलिगेट के डीआरडीओ के हेडक्वार्टर में दौरे ने दुनिया भर के रक्षा विशेषज्ञों के कान खड़े कर दिए हैं. ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि भारत अपने सबसे महत्वाकांक्षी 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट प्रोजेक्ट यानी एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) को लेकर तेजी से आगे बढ़ रहा है.

हालिया घटनाक्रम इस बात का पुख्ता संकेत दे रहे हैं कि भारत इस महाविनाशक फाइटर जेट के इंजन के लिए फ्रांस पर अपना सबसे बड़ा दांव खेल सकता है. आइए समझते हैं कि कैसे फ्रांस के एक बड़े अधिकारी के डीआरडीओ दौरे ने इस डील की सुगबुगाहट को तेज कर दिया है.

भारत के पास अब तक का सबसे एडवांस जेट राफेल 4.5वीं पीढ़ी का है.

पैट्रिक पेलौक्स का DRDO दौरा और Safran से डील के कयास

भारत ने AMCA प्रोजेक्ट के तहत फाइटर जेट के इंजन के को-डेवलपमेंट के लिए मुख्य रूप से दो देशों – फ्रांस (Safran कंपनी) और जर्मनी के साथ गहरी दिलचस्पी दिखाई थी. लेकिन, 20 मई को जो हुआ, वह फ्रांस के पलड़े को भारी करता दिख रहा है. शुक्रवार को फ्रांस के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ आर्मामेंट्स के डेलिगेट जनरल पैट्रिक पेलौक्स के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित डीआरडीओ मुख्यालय का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग (DDR&D) के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत के साथ गहन चर्चा की. आधिकारिक बयान के अनुसार, यह चर्चा भारत और फ्रांस के बीच उन्नत रक्षा प्रौद्योगिकियों में सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित थी.

चूंकि डीआरडीओ ही भारतीय सेनाओं के लिए अत्याधुनिक स्वदेशी हथियार और मिसाइलें विकसित करता है. ऐसे में यह साफ तौर पर अनुमान लगाया जा सकता है कि भारत अपने 5वीं जेनरेशन के AMCA फाइटर जेट के इंजन के लिए फ्रांस की एयरोस्पेस कंपनी ‘साफरान’ (Safran) के साथ बातचीत को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है.

10 साल के लिए रिन्यू हुआ रक्षा समझौता

यह कोई रातों-रात हुआ घटनाक्रम नहीं है, बल्कि इसकी मजबूत नींव इसी साल की शुरुआत में रखी जा चुकी थी. 17 फरवरी, 2026 को बेंगलुरु में आयोजित 6वीं भारत-फ्रांस वार्षिक डिफेंस टॉक के दौरान दोनों देशों ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अपने रक्षा सहयोग समझौते को अगले 10 वर्षों के लिए रिन्यू कर दिया था. इस हाई-प्रोफाइल बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की सशस्त्र बल एवं पूर्व सैनिक मामलों की मंत्री कैथरीन वॉट्रिन ने की थी. वहीं, इस नए समझौते पर भारत के रक्षा सचिव और फ्रांस के अंतर्राष्ट्रीय संबंध एवं रणनीति उप महानिदेशक द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे.

मिराज फाइटर जेट सफल और अचूक मल्टीरोल फाइटर जेट है.

राफेल में 50% स्वदेशीकरण और MRO हब की मांग

भारत अब केवल हथियार खरीदने वाला देश नहीं रहना चाहता, बल्कि वह तकनीक का हस्तांतरण (Technology Transfer) और स्वदेशीकरण चाहता है। बेंगलुरु वार्ता के दौरान भारत ने फ्रांस के सामने स्पष्ट मांग रखी कि राफेल लड़ाकू विमानों में इस्तेमाल होने वाली स्वदेशी सामग्री की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50% तक किया जाए. इसके साथ ही, भारत में ही इन विमानों के रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (MRO) सुविधाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार करने का अनुरोध किया गया, ताकि भविष्य में सर्विसिंग के लिए विदेशी धरती पर निर्भर न रहना पड़े.

AMCA प्रोजेक्ट की विकास यात्रा (2010 से अब तक)

  1. अक्टूबर 2010: रक्षा मंत्रालय द्वारा 90 करोड़ रुपये के शुरुआती फंड के साथ AMCA की ‘फिजिबिलिटी स्टडी’ शुरू की गई. इसी के साथ भारत ने 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट के स्वदेशी विकास का खाका तैयार करना शुरू किया.
  2. 2013-2014 (पहला मॉडल): एयरो इंडिया 2013 में पहली बार इसका 1:8 स्केल मॉडल दुनिया के सामने पेश किया गया. फरवरी 2014 तक इसका प्रोजेक्ट डेफिनेशन और प्रारंभिक डिजाइन का काम पूरा कर लिया गया.
  3. 2015-2016 (डिजाइन को मंजूरी): एयरो इंडिया 2015 में AMCA के बेसिक कॉन्फ़िगरेशन को फाइनल किया गया. इसके बाद 2016 में भारतीय वायुसेना ने इसके डिजाइन को अपनी आधिकारिक स्वीकृति दे दी.
  4. मार्च 2024 (सबसे बड़ी मंजूरी): यह इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति ने AMCA के प्रोटोटाइप विकास के लिए 15,803 करोड़ रुपये के भारी भरकम बजट को अपनी अंतिम मंजूरी दी.
  5. मई 2026: आंध्र प्रदेश में AMCA प्रोग्राम की फैसिलिटी और रक्षा हब की नींव रखी गई है, जहां इसके प्रोटोटाइप और निर्माण से जुड़े काम तेजी से आगे बढ़ेंगे. इसके इंजन के लिए विदेशी कंपनियों (खासकर फ्रांस की साफरान) के साथ बातचीत चल रही है.
एएमसीए फाइटर जेट का डिजाइन

फ्रांस के DGA पैट्रिक पेलौक्स ने हाल ही में भारत में किससे मुलाकात की?
फ्रांस के डेलिगेट जनरल ऑफ आर्मामेंट्स पैट्रिक पेलौक्स ने DRDO हेडक्वार्टर का दौरा किया. DRDO के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत के साथ उन्नत रक्षा प्रौद्योगिकियों में सहयोग पर चर्चा की।

भारत के 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट का क्या नाम है? इसके इंजन के लिए किस कंपनी से बातचीत चल रही है?
भारत के 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट का नाम एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) है. इसके इंजन के विकास के लिए मुख्य रूप से फ्रांस की कंपनी ‘साफरान’ (Safran) के साथ डील फाइनल होने के कयास लगाए जा रहे हैं.

राफेल विमानों को लेकर भारत ने फ्रांस के सामने क्या प्रमुख मांग रखी है?
भारत ने फ्रांस से अनुरोध किया है कि राफेल विमानों में स्वदेशी (भारतीय) सामग्री की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50% तक किया जाए और भारत में ही इसके रखरखाव, मरम्मत और ओवरहॉल (MRO) सुविधाओं का विस्तार हो.

India 5th Gen Fighter Jet | AMCA 5th gen Fighter Jet | India Fighter Jet | एमसीए- भारत की पांचवीं पीढ़ी की फाइटर जेट जल्द बनकर होगी तैयार

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *