विजय सरकार पहली परीक्षा में फेल? 10 वर्षीय मासूम की मां के आरोप से हिला सिस्टम
Last Updated:
Serious Allegations Against Thalapathy Vijay Government: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के कथित दुष्कर्म व हत्या पर मां ने थलापति विजय सरकार पर अंतिम संस्कार गुपचुप कराने और दबाव के आरोप लगाए. विपक्ष ने मामले की न्यायिक जांच की मांग की है.
थलापति विजय सरकार पर गंभीर आरोप लगे हैं.
Serious Allegations Against Thalapathy Vijay Government: तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है. पीड़िता की मां ने एक्टर से मुख्यमंत्री बने थलापति विजय की सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां का दावा है कि उनकी बेटी का अंतिम संस्कार उनकी जानकारी और सहमति के बिना कर दिया गया, जबकि अधिकारियों ने उन्हें पूरे मामले में चुप रहने के लिए दबाव डाला.
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान अधिकारियों ने परिवार को कंप्रोमाइज करने के लिए मजबूर किया. उनका कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद बच्ची के शव को बिना किसी सूचना के कोयंबटूर से सलेम ले जाया गया. मां के मुताबिक अधिकारियों ने परिवार को शव वाहन के पास तक नहीं जाने दिया. मां ने कहा कि मेरी बेटी का अंतिम संस्कार मेरी जानकारी के बिना किया गया. पोस्टमॉर्टम के बाद शव को सलेम ले जाया गया और हमें बताया तक नहीं गया. जब तक मैं अपने पति के घर पहुंची, तब तक बच्ची का अंतिम संस्कार हो चुका था.
जल्दबाजी में अंतिम संस्कार के आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार जल्दबाजी में इसलिए किया गया ताकि मामले को दबाया जा सके. मां का कहना है कि कुछ मंत्री और अधिकारी लगातार उन्हें इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से रोक रहे थे. उन्होंने कहा कि जब मैं सलेम पहुंची तो मंत्रियों और अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में कुछ मत बोलो. पीड़िता की मां ने अपने पति और रिश्तेदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में बच्ची का अंतिम संस्कार कराया गया और उन्हें पूरे घटनाक्रम से दूर रखा गया.
इस घटना के बाद विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने विजय सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. विपक्ष का आरोप है कि सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है और प्रशासन पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा है. कई संगठनों ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है. गौरतलब है कि कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे तमिलनाडु को झकझोर दिया है. घटना के बाद राज्यभर में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था. अब पीड़िता की मां के नए आरोपों ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है. हालांकि, राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से मां के आरोपों पर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी.
About the Author

न्यूज18 हिंदी में बतौर एसोसिएट एडिटर कार्यरत. मीडिया में करीब दो दशक का अनुभव. दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, आईएएनएस, बीबीसी, अमर उजाला, जी समूह सहित कई अन्य संस्थानों में कार्य करने का मौका मिला. माखनलाल यूनिवर्स…और पढ़ें
