Mon. May 25th, 2026

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल के स्थापना दिवस पर अमित शाह ने बधाई दी

blank

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल के स्थापना दिवस पर अमित शाह ने बधाई दी

 नयी दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल के लोगों को उनके राज्यों के स्थापना दिवस पर शनिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये राज्य जन कल्याण, स्वच्छता और समृद्धि की ओर अग्रसर हैं। शाह ने 15 मार्च को अलग-अलग संदेशों में राज्यों की समृद्धि और गौरव की कामना की।

गृह मंत्री ने छत्तीसगढ़ के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें नक्सलवाद को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं जो आदिवासी संस्कृति एवं कला से समृद्ध राज्य छत्तीसगढ़ के विकास और कल्याण में बाधा है। उन्होंने कहा, ‘‘नक्सलवाद राज्य और देश में अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और राज्य सरकारें 31 मार्च, 2026 तक लाल आतंक का पूरी तरह से सफाया कर देंगी और छत्तीसगढ़ में विकास के एक नए युग की शुरुआत करेंगी।” शाह ने हरियाणा के लोगों को अपने संदेश में कहा कि यह राज्य अपने वीर सैनिकों और मेहनती किसानों के लिए जाना जाता है तथा इसने सुशासन और जन कल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘‘अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध हरियाणा की प्रगति और उन्नति की यह यात्रा सदैव निर्बाध रूप से जारी रहे। हरियाणा के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई।” मध्य प्रदेश के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यह राज्य सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण, प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त है और आज यह जन कल्याण, स्वच्छता एवं समृद्धि की ओर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से राज्यवासियों की निरंतर प्रगति की प्रार्थना करता हूं।”

शाह ने आंध्र प्रदेश के लोगों को भी राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘जीवंत संस्कृति, विरासत और उल्लेखनीय प्रतिभाओं की भूमि-आंध्र प्रदेश भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तहत राज्य की निरंतर समृद्धि की कामना करता हूं।” गृह मंत्री ने कर्नाटक के भाइयों और बहनों को ‘राज्योत्सव’ पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्नाटक के पास कला, नवोन्मेष और शिक्षा की समृद्ध विरासत है तथा राज्य के लोगों ने संस्कृति और राष्ट्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘राज्य समृद्धि और गौरव के साथ फलता-फूलता रहे।”

शाह ने केरल के लोगों को राज्य स्थापना दिवस ‘पिरवी’ के अवसर पर बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल अपनी कालातीत परंपराओं, प्राकृतिक सुंदरता और अपने लोगों की रचनात्मक भावना के साथ हमारे सांस्कृतिक परिदृश्य में एक प्रकाशमान स्थान है। मैं राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।” उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप का गठन एक नवंबर 1956 को हुआ था। पंजाब और हरियाणा का गठन 1966 में हुआ, जबकि छत्तीसगढ़ को 2000 में मध्य प्रदेश से अलग करके बनाया गया।

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *