Tue. Apr 28th, 2026

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates | गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: सभी 15 नगर निगमों में बीजेपी का क्लीन स्वीप, बंपर जीत से गदगद हुए PM मोदी

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE 2026 04 adc32334a57cffa6d356236a2771016b

Gujarat Nikay Chunav Results Live Updates: गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी निर्णायक जीत की ओर बढ़ रही है. मतगणना के बीच पार्टी ने 9900 से अधिक सीटों में से 6472 सीटें जीतकर मजबूत बढ़त बना ली है. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 1412 सीटें मिली हैं, जबकि निर्दलीय और अन्य दलों, जिनमें आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम शामिल हैं, ने 597 सीटें हासिल की हैं. आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि राज्य में भाजपा का दबदबा बरकरार है और विपक्ष काफी पीछे छूट गया है.

Gujarat Nikay Chunav Results 2026 LIVE Updates | गुजरात निकाय चुनाव 2026 नतीजे लाइव

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: सीएम भूपेंद्र पटेल बोले, यह जीत विकास और गुजरात की जीत

गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि यह जीत सिर्फ भाजपा की नहीं, बल्कि विकास और पूरे गुजरात की जीत है. उन्होंने विजयी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं और नेतृत्व को बधाई दी और जनता का आभार जताया. पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले तीन दशकों में राज्य में विकास हुआ है. गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं, इसी कारण जनता का भरोसा लगातार बना हुआ है.

Gujarat Nikay Chunav Result Live: पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट किया, ‘मैं गुजरात भाजपा कार्यकर्ताओं के बड़े परिवार की ज़मीनी स्तर पर उनके प्रयासों के लिए तारीफ़ करना चाहता हूं. उन्होंने हमेशा लोगों के बीच काम किया है और उनकी समस्याओं को सुलझाया है. यही वजह है कि हमारी पार्टी बार-बार गुजरात की पसंदीदा पसंद रही है.’

Modi Gujarat News 2026 04 a47f67830b4a318ab1cf54d3f7c51b15

अहमदाबाद नगर निगम चुनाव रिजल्ट LIVE: बीजेपी ने 160 वार्ड जीते, खाडिया में कांग्रेस का क्लीन स्वीप

अहमदाबाद नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 160 वार्ड जीतकर बड़ा दबदबा बनाया है, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 32 वार्ड मिले. मणिनगर, निकोल, चांदलोडिया, घाटलोडिया, साबरमती और सरखेज जैसे कई इलाकों में भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया. हालांकि खाडिया वार्ड में कांग्रेस ने चारों सीटें जीतकर भाजपा को बड़ा झटका दिया. दाणीलीमडा, दरियापुर और बेहरामपुरा जैसे क्षेत्रों में भी कांग्रेस ने अपनी पकड़ बनाए रखी. आम आदमी पार्टी और अन्य दलों को यहां कोई खास सफलता नहीं मिली, जिससे मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी बोले- जनता ने मजबूत किया रिश्ता

गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच का रिश्ता और मजबूत हुआ है. उन्होंने महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनाव में मिले जनादेश को सुशासन की जीत बताया. पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने राज्य सरकार के काम और भाजपा के वर्षों के परिश्रम पर भरोसा जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में और मेहनत कर गुजरात को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा.

Gujarat Local Body Election Results 2026 LIVE Updates: हर स्तर पर भाजपा आगे, कमलम में जश्न का माहौल

गुजरात निकाय चुनावों के नतीजे तेजी से सामने आ रहे हैं और शाम पांच बजे तक के रुझानों में भाजपा ने महापालिका, नगरपालिका, जिला और तालुका पंचायत सभी स्तरों पर बढ़त बना ली है. कांग्रेस और आप के साथ सपा और एआईएमआईएम ने भी कुछ सीटों पर जीत दर्ज की है. इस बड़ी बढ़त के बाद भाजपा कार्यालय कमलम में जश्न का माहौल है. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा सहित कई नेता यहां पहुंचे, जहां प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई.

गुजरात निकाय चुनाव नतीजे LIVE: देवभूमि द्वारका में भाजपा और कांग्रेस दोनों को बढ़त, पंचायतों में भाजपा मजबूत

देवभूमि द्वारका जिले में निकाय चुनाव के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस दोनों को आंशिक सफलता मिली है. दोनों दलों ने एक एक नगरपालिका में जीत दर्ज की. हालांकि जिला पंचायत पर भाजपा ने कब्जा जमाकर अपनी स्थिति मजबूत की. चार तालुका पंचायतों में से तीन पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि एक पर कांग्रेस को सफलता मिली. कुल मिलाकर जिले में भाजपा का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है, लेकिन कांग्रेस भी मुकाबले में बनी हुई है.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: जामरावल में कांग्रेस का दबदबा, खंभालिया में भाजपा आगे

गुजरात निकाय चुनाव में जामरावल नगरपालिका में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 वार्ड में पूरा पैनल जीत लिया. कुल मिलाकर कांग्रेस को 21 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा सिर्फ 3 सीटों पर सिमट गई. वहीं खंभालिया नगरपालिका में भाजपा ने दमदार वापसी करते हुए 9 में से 6 वार्ड में पूरा पैनल जीत लिया. यहां भाजपा को 30 सीटें मिलीं. आम आदमी पार्टी ने 5 सीटें हासिल कीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई.

गुजरात निकाय चुनाव नतीजे LIVE: 15 के 15 नगर निगम में भाजपा का क्लीन स्वीप

गुजरात निकाय चुनाव के ताजा नतीजों में भारतीय जनता पार्टी ने सभी 15 नगर निगमों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप कर दिया है. अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा और जामनगर जैसे बड़े शहरों में भी पार्टी ने अपना परचम लहराया. कुल 1044 सीटों में से भाजपा ने 850 से ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाकर अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन किया है. नगर निगमों के साथ साथ नगरपालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत में भी भाजपा भारी बढ़त बनाए हुए है.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: सुरेंद्रनगर जिला पंचायत में भाजपा को जीत, मुली-2 सीट से राजू कारपड़ा विजयी

गुजरात निकाय चुनाव में सुरेंद्रनगर जिला पंचायत की मुली-2 सीट पर भाजपा उम्मीदवार और किसान नेता राजू कारपड़ा ने जीत दर्ज की है. राजू कारपड़ा पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे. पार्टी बदलने के बाद यह उनकी पहली बड़ी जीत है.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: ‘गुजरात बदलाव के लिए तैयार’, बोले AAP के गोपाल राय

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जैसे जैसे परिणाम सामने आ रहे हैं, साफ दिख रहा है कि गुजरात के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं. उन्होंने मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक संकेत है. राय ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में ये आंकड़े और बढ़ेंगे और गुजरात की जनता को एक मजबूत विकल्प मिलेगा.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: आप दफ्तर में जश्न, 380 सीट जीतने का दावा

गुजरात निकाय चुनाव के नतीजों के बीच आम आदमी पार्टी दफ्तर में जश्न का माहौल दिखा. ढोल नगाड़ों की गूंज और मिठाइयों के साथ कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई. पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने दावा किया कि अब तक आप 380 सीटें जीत चुकी है. उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है, जबकि कांग्रेस तीसरे स्थान पर खिसक गई है.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: राजकोट नगर निगम में कांग्रेस की सीटें बढ़ीं, भाजपा ने कई वार्ड में बढ़त बनाई

राजकोट नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपनी सीटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 7 कर ली है. वार्ड 16 में कांग्रेस ने सभी 4 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 15 में उसे 3 सीटें मिलीं. वहीं भाजपा ने वार्ड 17, 18 और 3 में जीत हासिल कर अपना दबदबा बनाए रखा. वश्रराम सगठिया, जो पहले कांग्रेस छोड़कर आप में गए थे और फिर लौटे थे, वार्ड 15 से चुनाव हार गए. उन्हें भाजपा के उम्मीदवार निलेश राम हेरभा ने हराया. यह मुकाबला काफी चर्चा में रहा.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: बहुमत के बाद सी आर पाटिल बोले गुजरात के मतदाता दूरदर्शी

गुजरात निकाय चुनाव में बहुमत मिलने के बाद भाजपा नेता सी आर पाटिल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि गुजरात के मतदाता बेहद समझदार हैं और वे हमेशा राज्य और देश के भविष्य को ध्यान में रखकर फैसला लेते हैं. पाटिल ने जीत का श्रेय जनता के भरोसे और पार्टी के काम को दिया. उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास और स्थिरता की नीति पर जनता की मुहर है, जो आगे भी जारी रहेगी.

Gujarat Local Body Election Results 2026 LIVE Updates: 15 में से 9 नगर निगम पर भाजपा का कब्जा, बाकी में मतगणना जारी

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के बीच भाजपा ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए अब तक 15 में से 9 नगर निगम जीत लिए हैं. सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, आनंद, नडियाद, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी में पार्टी ने आधे से ज्यादा सीटें हासिल कर स्पष्ट बढ़त बनाई. मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटें जीतकर एकतरफा जीत दर्ज की. बाकी छह नगर निगमों में मतगणना जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

अहमदाबाद नगर निगम चुनाव रिजल्ट: खाडिया वार्ड में कांग्रेस की चारों सीटों पर ऐतिहासिक जीत

अहमदाबाद नगर निगम के खाडिया वार्ड में इस बार ऐतिहासिक नतीजे सामने आए हैं. कांग्रेस ने यहां चारों सीटों पर जीत दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना दिया. पहली बार ऐसा हुआ है जब खाडिया वार्ड में कांग्रेस के सभी उम्मीदवार एक साथ विजयी हुए हैं. यह नतीजा स्थानीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. लंबे समय से इस क्षेत्र में कड़ा मुकाबला देखने को मिलता रहा है, लेकिन इस बार मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश दिया.

Gujarat Local Body Election Results LIVE: नतीजों में भाजपा का दबदबा, हर स्तर पर भारी बढ़त

गुजरात निकाय चुनाव 2026 के ताजा आंकड़े साफ दिखाते हैं कि भाजपा ने पूरे राज्य में मजबूत पकड़ बना ली है. कुल 9992 सीटों में से 8068 के नतीजे सामने आ चुके हैं, जिनमें भाजपा को 6161 सीटें मिली हैं. कांग्रेस 1315 सीटों पर सिमटी है, जबकि अन्य के खाते में 592 सीटें गई हैं.

Gujarat Results 2026 2026 04 4341201ce91bf1ee77cf6563b25cb566

महानगरपालिका में भाजपा ने 804 सीटें जीतकर भारी बढ़त बनाई. नगरपालिकाओं में 1829 सीटों के साथ पार्टी आगे है. जिला पंचायत में 723 और तालुका पंचायत में 2805 सीटें जीतकर भाजपा ने अपना दबदबा कायम रखा है. आंकड़े बताते हैं कि इस बार चुनाव में विपक्ष पूरी तरह पिछड़ गया है.

गुजरात निकाय चुनाव परिणाम LIVE: सूरत में पुलिस की मौजूदगी में बीजेपी और कांग्रेस कैंडिडेट भिड़े

सूरत में स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान तनाव बढ़ गया. वार्ड नंबर 18 में भाजपा के जीते उम्मीदवार और कांग्रेस उम्मीदवार के बीच विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई तक पहुंच गया. घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार जीत के बाद जश्न और आरोपों को लेकर बहस शुरू हुई थी. पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में लिया. फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं.

Gujarat Nikay Chunav Result Live Updates: गुजरात निकाय चुनाव में आप को मिली संजीवनी, नर्मदा में हासिल की बड़ी जीत

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने नर्मदा जिला पंचायत की सत्ता हासिल कर बड़ी राजनीतिक बढ़त दर्ज की है. इस जीत को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच माना जाता रहा है.

नर्मदा जिले के साथ-साथ डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र की तीनों तालुका पंचायतों में भी आम आदमी पार्टी को सफलता मिली है. इस जीत के बाद पार्टी नेता चैतर वसावा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ पार्टी की नहीं बल्कि जनता की जीत है. उन्होंने कहा कि एक तरफ सत्ता, पैसा और अहंकार का दबाव था, जबकि दूसरी तरफ उनकी पार्टी जनता के काम और भरोसे के साथ मैदान में उतरी थी.

Gujarat Nikay Chunav Result Live: नर्मदा जिला पंचायत में आप का कब्जा, डेडियापाड़ा में बड़ी जीत

गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव 2026 में आम आदमी पार्टी ने नर्मदा जिले की जिला पंचायत में सत्ता हासिल कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है. डेडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र की तीनों तालुका पंचायतों में भी पार्टी ने जीत दर्ज की. इस सफलता के बाद चैतर वासावा ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है. उन्होंने कहा एक तरफ सत्ता, धन और अहंकार था, दूसरी तरफ जनता के काम और भरोसे की ताकत थी, जिसने यह परिणाम दिया.

गुजरात निकाय चुनाव रिजल्ट LIVE: वापी में भाजपा की बड़ी जीत, मतगणना पर सीएम-डिप्टी सीएम की पैनी नजर

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच भाजपा ने शुरुआती दौर में ही मजबूत बढ़त बना ली है. सबसे बड़ी खबर वापी नगर निगम से आई, जहां भाजपा ने साफ जीत दर्ज कर बहुमत के आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया. पूरे राज्य में चल रही गिनती पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी लगातार नजर बनाए हुए हैं, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि पार्टी इस जीत को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है.

मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा का प्रदर्शन कई स्तरों पर प्रभावी दिख रहा है. बायड नगरपालिका में पार्टी ने सभी 24 सीटों पर कब्जा कर लिया, जिनमें बड़ी संख्या निर्विरोध रही. ऊना नगरपालिका में भी भाजपा ने 36 में से बहुमत पार करते हुए विपक्ष को खाता खोलने तक का मौका नहीं दिया. पाद्रा नगर पालिका में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखते हुए बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस सीमित सीटों पर सिमटती नजर आई.

तालुका पंचायतों और जिला पंचायतों के आंकड़े भी भाजपा के पक्ष में झुके हुए हैं. सैकड़ों सीटों पर जीत दर्ज कर पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत साबित की है. नगर पालिकाओं और नगर निगमों में भी भाजपा का दबदबा साफ दिख रहा है, जहां कांग्रेस को बेहद सीमित सफलता मिली है.

इन चुनावों में कुल 15 नगर निगम, 84 नगर पालिकाएं, 34 जिला पंचायतें और 260 तालुका पंचायतें शामिल रहीं. वोटिंग प्रतिशत भी संतुलित रहा, जिससे यह साफ है कि मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की. अब सभी की नजर अंतिम नतीजों पर टिकी है, जो दिन के अंत तक सामने आने की उम्मीद है.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *