Fri. Mar 20th, 2026

West Bengal Assembly Election LIVE | TMC vs BJP | Bengal Chunav Samachar | TMC आज जारी कर कर सकती है घोषणापत्र, बीजेपी की पैनी नजर

west bengal election1 2026 03 719b73a30f15ada4211f3821888cd005

West Bengal Assembly Election LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही पूर्व मेदिनीपुर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. जिले की सभी 16 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा. प्रशासन और चुनाव आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला प्रशासन के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया 30 मार्च को गजट नोटिफिकेशन जारी होने के साथ औपचारिक रूप से शुरू होगी. उम्मीदवार 6 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी. नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल तय की गई है. मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी और 6 मई तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी. इस बीच, पूर्व मेदिनीपुर जिला एक बार फिर से फोकस में है. पूर्व मेदिनीपुर जिले में इस बार कुल मतदाताओं की संख्या करीब 40 लाख 85 हजार है. इनमें 21 लाख से अधिक पुरुष मतदाता, लगभग 19 लाख 80 हजार महिला मतदाता और 39 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. खास बात यह है कि 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 48 हजार नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जिले में कुल 4420 मुख्य मतदान केंद्र और 620 सहायक केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अधिकांश बूथ ग्रामीण इलाकों में स्थित हैं. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल बूथ और 40 महिला संचालित बूथ स्थापित किए जाएंगे.

पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट्स

बंगाल चुनाव LIVE: ममता बनर्जी ने ‘दीदी के 10 संकल्प’ के जरिए बंगाल की सत्ता में वापसी के लिए लोक-लुभावन और विकासोन्मुखी रोडमैप पेश किया है. इस घोषणापत्र का मुख्य आकर्षण ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना है, जिसमें अब सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,500 और एससी/एसटी वर्ग को 1,700 रुपये मासिक मिलेंगे. बेरोजगार युवाओं के लिए 1,500 रुपये का ‘युवा-साथी’ भत्ता और किसानों के लिए 30,000 करोड़ का भारी-भरकम बजट आवंटित किया गया है. स्वास्थ्य सेवा में क्रांति लाते हुए ‘द्वारे चिकित्सा’ के तहत घर-घर इलाज और शिक्षा में ई-लर्निंग के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे का वादा है. इसके अलावा, हर परिवार को पक्का मकान, पाइप से पेयजल, वृद्धों को पेंशन विस्तार और बेहतर प्रशासन के लिए 7 नए जिले बनाने का संकल्प लिया गया है. ममता ने बंगाल को पूर्वी भारत का प्रमुख ट्रेड हब बनाने का भी लक्ष्य रखा है.

बंगाल चुनाव LIVE: ममता बनर्जी ने टीएमसी का घोषणापत्र जारी करते हुए ‘द्वारे चिकित्सा’ (घर-द्वार चिकित्सा) योजना शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि हर बूथ पर चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे. इसके अलावा, हजारों स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं के साथ आधुनिक बनाया जाएगा. प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए आने वाले दिनों में राज्य में 7-8 नए जिले, ब्लॉक और नई नगर पालिकाएं बनाने का वादा भी किया गया है.

बंगाल चुनाव LIVE: तृणमूल कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा बंगाल को “हड़पने” की एक बड़ी साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार सारी हदें पार कर चुकी है और किसी भी तरह बंगाल पर नियंत्रण चाहती है. ममता ने जनता को आगाह किया कि केंद्र सरकार चुनाव के बाद एनआरसी (NRC) और जनगणना के नाम पर लोगों की नागरिकता छीनने की योजना बना रही है. उन्होंने बंगाल की जनता के आशीर्वाद और समर्थन पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीएमसी ने हमेशा जनता की सेवा की है और वह इन साजिशों का डटकर मुकाबला करेगी.

बंगाल चुनाव LIVE: तृणमूल कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल लंबे समय से भाजपा के निशाने पर है क्योंकि यहां के युवा अत्यधिक प्रतिभाशाली और कुशल हैं. ममता के अनुसार, केंद्र सरकार ईर्ष्या के कारण बंगाल को निशाना बना रही है. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि देश में अब कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और मोदी सरकार ने लोकतांत्रिक ढांचे से लेकर हर संस्थान को पूरी तरह नष्ट कर दिया है. ममता ने इस चुनाव को बंगाल की अस्मिता और युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई करार दिया है.

बंगाल चुनाव LIVE: तृणमूल कांग्रेस का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने भाजपा पर देश को विनाश की ओर धकेलने और विभाजनकारी राजनीति के जरिए युद्ध जैसे हालात पैदा करने का गंभीर आरोप लगाया. ममता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रहे हैं. उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं जैसे एलआईसी, रेलवे और एयर इंडिया के निजीकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि इन्हें विदेशी संस्थाओं और उन चुनिंदा लोगों को सौंपा जा रहा है जिन्होंने बैंकों के कर्ज नहीं चुकाए और देश छोड़कर भाग गए.

बंगाल चुनाव LIVE: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आगामी 2026 विधानसभा चुनाव से पहले नई हलचल देखने को मिल रही है. निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि मुर्शिदाबाद में नए बाबरी मस्जिद निर्माण का मुद्दा और मुस्लिम समुदाय में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है. पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कबीर ने कहा कि उनकी नई पार्टी अम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) 182 सीटों पर AIMIM के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि परिणाम त्रिशंकु आता है, तो उनकी पार्टी सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभा सकती है. कबीर ने कहा कि इस बार राज्य में पहली बार मुस्लिम मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बन सकता है. उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में नहीं भी आई, तब भी वह इतनी सीटें जीतेंगे कि बिना उनके समर्थन के सरकार बनना मुश्किल होगा.

25 ऑब्‍जर्वर की तैनाती

चुनाव की निगरानी के लिए जिले में कुल 25 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं. इनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक जनरल ऑब्जर्वर, चार पुलिस ऑब्जर्वर और पांच व्यय ऑब्जर्वर शामिल हैं. जिलाधिकारी यूनिस ऋषिन इस्माइल ने बताया कि सभी ऑब्जर्वरों के साथ चुनाव संबंधी आंकड़े साझा किए गए हैं और वे इन तैयारियों से संतुष्ट हैं. जल्द ही वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी करेंगे. प्रशासन का मुख्य लक्ष्य पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है. मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर सघन नाका चेकिंग शुरू कर दी गई है. खेजुरी, भगवानपुर, मयना और एगरा जैसे संवेदनशील इलाकों में पहले हुई राजनीतिक झड़पों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है. चुनाव प्रचार खर्च और राजनीतिक गतिविधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर है. इधर, चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी शुरू कर दी है. तृणमूल कांग्रेस ने तमलुक विधानसभा सीट से तमलुक राजबाड़ी के सदस्य डॉ. दीपेंद्र नारायण राय को उम्मीदवार बनाया है. उनकी उम्मीदवारी के बाद क्षेत्र में प्रचार अभियान तेज हो गया है.

महाभारत काल में भी इसका

तमलुक राजबाड़ी का ऐतिहासिक महत्व भी इस चुनाव में चर्चा का केंद्र बना हुआ है. महाभारत काल से लेकर स्वतंत्रता संग्राम तक इस राजबाड़ी की विशेष पहचान रही है. स्वदेशी आंदोलन में इसकी सक्रिय भूमिका के कारण इसके सदस्यों को ब्रिटिश शासन के दौरान कई बार दमन का सामना करना पड़ा. डॉ. दीपेंद्र नारायण राय इस राजबाड़ी के पहले सदस्य हैं जिन्होंने सक्रिय लोकतांत्रिक राजनीति में कदम रखा है. वे पहले ताम्रलिप्त नगरपालिका के काउंसिलर और चेयरमैन रह चुके हैं. अब विधानसभा चुनाव में उतरकर उन्होंने अपनी राजनीतिक भूमिका को और विस्तारित किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने का अनुभव है और वे जनता के बीच जाकर समर्थन मांग रहे हैं. उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही जिले में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है. सभी दलों के प्रत्याशी गांव-गांव जाकर मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं. कुल मिलाकर पूर्व मेदिनीपुर में इस बार का चुनाव प्रशासनिक सख्ती, सुरक्षा इंतजाम और राजनीतिक सक्रियता के बीच काफी अहम माना जा रहा है.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *