Wed. May 6th, 2026

 कुदरी बैराज में कूदे युवक का 20 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, रेस्क्यू जारी

13752762bef7198546a57b9e51590753 1447074699

जांजगीर-चांपा। चांपा क्षेत्र के कुदरी बैराज से एक युवक के हसदेव नदी में कूदने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना 5 मई मंगलवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांपा की ओर से आ रहे एक ऑटो चालक ने बैराज कार्यालय पहुंचकर बताया कि एक युवक ने पहले अपना मोबाइल फोन बैराज के ऊपर से फेंका और फिर नदी में छलांग लगा दी।

सूचना देने के बाद ऑटो चालक वहां से मड़वा की ओर चला गया। वहीं, सूचना मिलते ही बैराज में तैनात चौकीदार मौके पर पहुंचे और करीब 15 से 20 मिनट तक आसपास तलाश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और कुदरी बैराज के पास हसदेव नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घटना को 20 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोर लगातार नदी में उतरकर खोजबीन कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बैराज के पहले हिस्से में पानी का स्तर अधिक है, जिससे युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। इसी कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है और टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, लापता युवक चांपा के शंकर नगर का निवासी बताया जा रहा है। युवक की पहचान शिवम साहू के रूप में सामने आई है।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि युवक ने अपने दोस्त को फोन कर रिजल्ट खराब आने से परेशान होकर नदी में कूदने की बात कही थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।

घटना के संबंध में चांपा थाने में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से बच रही है, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने बैराज के किस हिस्से से छलांग लगाई।

फिलहाल पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन की टीम बैराज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

 

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *