उत्तर प्रदेश के झांसी में गैस सिलेंडर न मिलने की शिकायत करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया. शहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी पर कर्मचारियों और हॉकर ने मिलकर ग्राहक के साथ जमकर मारपीट कर दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा में आ गया है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित गगन पिछले एक महीने से गैस सिलेंडर लेने के लिए परेशान था. उसके परिवार में उसकी मां और दादी हैं और घर में गैस की जरूरत लगातार बनी हुई थी. पीड़ित का आरोप है कि उसकी दादी कई बार एजेंसी के चक्कर लगा चुकी थीं, लेकिन हर बार उन्हें गैस नहीं मिली.
गैस न मिलने की शिकायत पर भड़का विवाद
गगन ने बताया कि उसने खुद भी कई बार एजेंसी जाकर सिलेंडर लेने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया. इसके बाद 3 अप्रैल को उसने मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग की. बुकिंग के बाद उसे एक सप्ताह के भीतर गैस मिलने का आश्वासन दिया गया, लेकिन तय समय के बाद भी गैस नहीं मिली.
इससे परेशान होकर गगन दोपहर में झांसी के कोतवाली क्षेत्र में स्थित जमुना गैस एजेंसी पहुंचा. वहां उसने हॉकर से गैस न मिलने की शिकायत की और बिलों की जानकारी लेने की कोशिश की. पीड़ित के मुताबिक, जब उसने बिलों की जांच की तो उसमें 3 से 10 अप्रैल तक के बिल दर्ज थे, जिससे उसे संदेह हुआ कि उसे जानबूझकर गैस नहीं दी जा रही है.
यहीं से विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला बढ़ गया. आरोप है कि एजेंसी के हॉकर और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर गगन को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. कोई उसकी कॉलर पकड़ रहा था तो कोई थप्पड़, घूंसे और लात मार रहा था। बचाव में गगन ने भी हाथ-पैर चलाए, लेकिन वह अकेला पड़ गया.
एजेंसी के कर्मचारियों और हॉकर ने मिलकर की पिटाई
मारपीट के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि गगन को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा. उसने किसी तरह वहां से निकलकर यूपी-112 पुलिस को सूचना दी और बाद में कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे बंधक बनाने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह बचकर निकल गया.
इस पूरे मामले पर गैस एजेंसी के मैनेजर राहुल यादव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जब तक उन्हें जानकारी मिली और वह मौके पर पहुंचे, तब तक मारपीट हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की सप्लाई कम है और मांग ज्यादा होने के कारण इस तरह की समस्याएं आ रही हैं. उनके अनुसार, गोदाम इंचार्ज ने जब ग्राहक से बात की तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.
वहीं, कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. पुलिस ने आरोपी पक्ष को हिरासत में ले लिया है और तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
किसी तरह जान बचाकर भागा, पुलिस से की शिकायत
इस घटना ने न केवल गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाया है कि शिकायत करने वाले ग्राहकों के साथ किस तरह का व्यवहार किया जा रहा है. वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
—- समाप्त —-
