सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण विस्फोट हुआ। पावर प्लांट के बॉयलर में हुए विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में लगभग 10 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई है। जबकि, हादसे में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रोजाना की तरह काम चल रहा था तभी अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ। शुरुआती जांच में ट्यूब फटने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के पीछे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी। विस्फोट के बाद मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल गैस त्रासदी का कचरा जलाने वाली कंपनी में विस्फोट, हादसे में 4 श्रमिकों की गई जान
घटना के तुरंत बाद पुलिस, दमकल, आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। करीब 15 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया है। जबकि, 11 मजदूरों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई घायलों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें बड़े मेडिकल सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद प्लांट परिसर के बाहर मजदूरों के परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजन घायलों से मिलने की मांग को लेकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एडिशनल एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। जबकि, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें:MP: पेंच टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हंगामा
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बॉयलर के रखरखाव और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही को लेकर विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल प्लांट परिसर को सील कर दिया गया है और मलबे में दबे संभावित अन्य मजदूरों की तलाश जारी है।
