Tue. May 12th, 2026

दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट, एक ही परिवार के 4 लोग जिंदा जले – realtimes

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर हुए भीषण हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग किचन तक पहुंची तो गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में दो बहन, उनके पिता और डेढ़ साल की बच्ची की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी इलाके में घर के पास लगे बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हुआ था। इससे निकली चिंगारी और आग मकान तक पहुंच गई। आग तेजी से फैलते हुए रसोई तक जा पहुंची जहां रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि पूरा घर आग की लपटों में घिर गया और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में रक्षक बने भक्षक, पूर्व एसपी राजेश समेत 4 पुलिसकर्मियों पर डकैती का आरोप

बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर में दो बहनें मौजूद थी। इनमें से एक शादीशुदा थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी भी घर में थी। दोनों बहनों के पिता भी उसी समय घर के अंदर थे। आग और धमाके की वजह से चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में पुलिस और राहत दल ने घर के भीतर से जले हुए शव बरामद किए।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेजी से फैल चुकी थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

यह भी पढ़ें:MP: पन्ना में युवक की जहर खाने से मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक सिलेंडर ब्लास्ट होने से लगी आग की वजह से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिल सका था। घटना के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, सांसद विजय बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से भी 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।

यह भी पढ़ें:राजगढ़ के पचोर में पेट्रोल पंप पर भीषण आग, 13 लोग झुलसे, फ्यूल टैंकर और 15 बाइक जलकर खाक

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *