Last Updated:
अगर आप फटे और काले होंठों से परेशान हैं, तो दादी-नानी का यह आसान घरेलू नुस्खा आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है. सिर्फ 2 मिनट में यह उपाय होंठों की डेड स्किन हटाकर उन्हें मुलायम और नेचुरल पिंक ग्लो देने में मदद करता है. नियमित इस्तेमाल से होंठों की रंगत भी निखरती है.
ऋषिकेश: फटे और काले होंठों की समस्या आजकल बहुत आम हो गई है. बदलता मौसम, डिहाइड्रेशन, ज्यादा लिपस्टिक का इस्तेमाल या सही देखभाल की कमी, इन सबका सीधा असर हमारे होंठों पर दिखाई देता है. जब होंठों पर डेड स्किन जमने लगती है, तो वे न सिर्फ रूखे और बेजान लगते हैं बल्कि उनका नैचुरल रंग भी धीरे-धीरे डार्क पड़ने लगता है. कई लोग महंगे प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता. ऐसे में दादी-नानी के पुराने घरेलू नुस्खे आज भी उतने ही कारगर साबित होते हैं जितने पहले हुआ करते थे. खास बात यह है कि ये नुस्खे पूरी तरह नेचुरल होते हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता.
होठों को मुलायम कैसे बनाएं
लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान डॉ राजकुमार (आयुष) ने बताया कि अगर आप भी अपने होंठों को सॉफ्ट और गुलाबी बनाना चाहती हैं, तो एक बेहद आसान और असरदार तरीका है चीनी और शहद का स्क्रब. इसके लिए आपको बस एक चम्मच चीनी लेनी है और उसमें थोड़ा सा शहद मिलाना है. इस मिश्रण को हल्के हाथों से अपने होंठों पर करीब 1 से 2 मिनट तक मसाज करें. ध्यान रखें कि ज्यादा जोर से रगड़ना नहीं है, वरना होंठों की स्किन और ज्यादा डैमेज हो सकती है. चीनी एक नेचुरल एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है, जो डेड स्किन को धीरे-धीरे हटाती है, जबकि शहद होंठों को गहराई से मॉइश्चराइज करता है और उन्हें नरम बनाता है.
इस नुस्खे की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे करने में न ज्यादा समय लगता है और न ही कोई खास तैयारी करनी पड़ती है. आप इसे हफ्ते में 2 से 3 बार आसानी से कर सकती हैं. कुछ ही दिनों में आपको फर्क महसूस होने लगेगा. होंठ पहले से ज्यादा स्मूद, हाइड्रेटेड और हेल्दी नजर आएंगे. साथ ही, होंठों का नेचुरल पिंक कलर भी धीरे-धीरे वापस आने लगता है. अगर आपके होंठ बहुत ज्यादा ड्राय रहते हैं, तो स्क्रब करने के बाद आप थोड़ा सा नारियल तेल या घी भी लगा सकती हैं, जिससे नमी लंबे समय तक बनी रहे.
डेली रूटीन में भी छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान
हालांकि, सिर्फ स्क्रब करना ही काफी नहीं है. आपको अपनी डेली रूटीन में भी कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. जैसे कि दिनभर में पर्याप्त पानी पीना, होंठों को बार-बार जीभ से गीला करने की आदत से बचना, और धूप में निकलते समय लिप बाम का इस्तेमाल करना. ये छोटी आदतें आपके होंठों को लंबे समय तक हेल्दी बनाए रखने में मदद करती हैं. याद रखें कि हमारे होंठ बहुत नाजुक होते हैं और उन्हें भी उतनी ही केयर की जरूरत होती है जितनी हमारी स्किन को.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें
