वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन नौसेना प्रमुख नियुक्त
नयी दिल्ली । वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन अगले नौसेना प्रमुख होंगे।वाइस एडमिरल स्वामीनाथन नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे।
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन फिलहाल पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है।फ्लैग ऑफिसर एक जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में शामिल हुए थे और वह संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्धकला के विशेषज्ञ हैं।वह खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), ब्रिटेन के श्रीवेनहैम स्थित ‘ज्वाइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज’, कारंजा स्थित नौसेना युद्ध महाविद्यालय और न्यूपोर्ट स्थित ‘यूएस नेवल वार कॉलेज’ के पूर्व छात्र हैं।परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित एडमिरल ने अपने नौसैन्य करियर में अभियान, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने मिसाइल पोत आईएनएस विद्युत और आईएनएस विनाश, मिसाइल कॉर्वेट आईएनएस कुलिश, निर्देशित मिसाइल विध्वंसक आईएनएस मैसूर और विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान संभाली है।
