छत्तीसगढ़: कोरबा जिले से यह सनसनीखेज मामला बालको नगर थाना क्षेत्र के बुंदेली गांव का है. बुधवार शाम सालिक राम नाम के एक मजदूर ने अपनी पत्नी चैत कुंवर की गला काटकर हत्या कर दी.
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पत्नी अक्सर पति के चरित्र पर शक करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे घटना वाले दिन भी सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.
शाम के समय दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी फिर विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर सालिक राम ने धारदार चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. वारदात के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ.
हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी का सिर एक प्लास्टिक की बोरी में रखा और मोटरसाइकिल से निकल पड़ा. रास्ते में वह लोगों को खुद ही बताता रहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. कुछ जगहों पर उसने बोरी खोलकर लोगों को कटा हुआ सिर भी दिखाया, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों फैल गया.
इसके बाद वह गांव की गलियों में सिर और चाकू लेकर घूमता रहा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद और शक की बात सामने आई है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
