अमेरिका और ईरान में सीजफायर के बावजूद जंग जारी है. होर्मुज स्ट्रेट इस जंग का नया अखाड़ा बना हुआ है. ईरान ने अमेरिका पर अपने एक टैंकर को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. ईरान के सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है कि होर्मुज स्ट्रेट में एक ईरानी टैंकर पर अमेरिकी हमले के बाद ईरानी सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की है. ईरानी सेना के एक अधिकारी के हवाले से दावा किया गया है कि ईरानी सेना ने अमेरिकी युद्धपोत पर मिसाइल अटैक किया है.
ईरानी सेना के एक अधिकारी के हवाले यह दावा किया गया है कि अमेरिकी यूनिट्स को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गईं. अधिकारी ने दावा किया कि ईरानी मिसाइल हमले में दुश्मन की यूनिट्स को भारी नुकसान हुआ है, जिसके बाद वह इस इलाके से हट गई. हालांकि, इस रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि अमेरिका की ओर से यह कथित हमला कब किया गया और दुश्मन यूनिट्स किस देश या सैन्य बल से जुड़ी थीं. ईरान के इस दावे पर अमेरिका की ओर से कोई प्रतिक्रिया अभी नहीं आई है.
ईरान के केशम द्वीप और बंदर अब्बास में धमाकों की आवाज सुनी गई है. ईरान ने इन इलाकों में कई छोटे ड्रोन इंटरसेप्ट करने का दावा किया है. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि छोटे ड्रोन इंटरसेप्ट किए जाने के बाद एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिया गया और दुश्मन के दो ड्रोन मार गिराए गए. ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी मीजान ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है कि केशम में धमाकों की आवाज एयर डिफेंस की ओर से इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन के खिलाफ कार्रवाई के कारण सुनाई दी.
यह भी पढ़ें: ईरान के हवाई हमलों में 228 अमेरिकी सैन्य सुविधाएं तबाह, सरकारी दावों से कहीं बड़ा है नुकसान
पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई हालात पर नजर बनाए हुए हैं. ईरानी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा है कि सुप्रीम लीडर की अनुमति के बिना कोई कदम नहीं उठाया जाता. ईरानी विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने दावा किया कि सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई सभी मामलों की निगरानी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: महंगा रूसी तेल खरीदने को मजबूर भारत! होर्मुज ब्लॉकेड से बदल गया पूरा खेल
सेंट्रल कमांड ने जारी की उड़ान भरते विमान की तस्वीर
ईरान के साथ जारी तनातनी के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने यूएसएस जॉर्ज ए डब्ल्यू बुश (CVN 77) के फ्लाइट डेक से उड़ान भरते EA-18G ग्रोलर विमान की तस्वीर जारी की है. इस तस्वीर में अमेरिकी नौसेना का एक जवान विमान को सिग्नल देता नजर आ रहा है. इन सबके बीच ब्लूमबर्ग न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पश्चिम एशिया के देशों के लिए 25.8 अरब डॉलर के हथियार पैकेज को मंजूरी दे दी है.
—- समाप्त —-
