Thu. May 7th, 2026

Suvendu Adhikari PA Murder LIVE | Chandranath Rath Murder | Bengal Violence | चंद्रनाथ रथ हत्‍याकांड में 3 संदिग्‍ध हिरासत में, 5 से ज्‍यादा से पूछताछ

car chandranath 2026 05 bcbfc06b0ad150548e84b58d6eb3d85f

Suvendu Adhikari PA Murder LIVE: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. चंद्रनाथ रथ का पोस्‍टमार्टम हो गया है और इस दौरान सुवेंदु अध‍िकारी पोस्‍टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद रहे.

वहीं भाजपा नेताओं ने इस घटना को पूर्व नियोजित राजनीतिक हत्या करार देते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. वहीं, पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है. सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह ठंडे दिमाग से की गई सुनियोजित हत्या है. उन्होंने दावा किया कि वारदात से पहले दो से तीन दिनों तक रेकी की गई और उसके बाद पूरी योजना के तहत हमला किया गया. अधिकारी ने कहा कि पुलिस जांच शुरू कर चुकी है और कुछ अहम सुराग भी मिले हैं. उन्होंने कहा, ‘हम इस घटना से बेहद दुखी हैं और इसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है. दिल्ली से पार्टी का पूरा शीर्ष नेतृत्व लगातार जानकारी ले रहा है. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार (Sukanta Majumdar) ने मृतक के परिवार और पुलिस अधिकारियों से बात की है. विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा विधायक और नेता यहां पहुंचे हैं. पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और जांच जारी है.’

जानकारी के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ को मध्यमग्राम के पास गोली मारी गई थी, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई. पश्चिम बंगाल पुलिस ने जांच के सिलसिले में एक वाहन को जब्त किया है. घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं. फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर वाहन और अन्य सबूतों की जांच कर रही है. वहीं, सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति को ’15 साल के महा-जंगलराज’ का परिणाम बताते हुए कहा कि भाजपा अब ‘गुंडों की सफाई’ का काम शुरू करेगी. हालांकि, उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील भी की. उन्होंने कहा, ‘हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और हमारे सांसदों-विधायकों की मदद करने वालों से कहना चाहते हैं कि वे कानून अपने हाथ में न लें. किसी को भी असुरक्षित महसूस नहीं होने दिया जाएगा और सभी को न्याय मिलेगा.’ उन्होंने बताया कि मृतक का शव फिलहाल अस्पताल में है और पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा जाएगा. भाजपा ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन भी दिया है. घटना में घायल लोगों के इलाज की व्यवस्था भी की गई है.

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी इस घटना को “बेहद दुखद” बताते हुए कहा कि पुलिस जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्‍ता (Siddh Nath Gupta) घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं और जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. भाजपा नेता स्‍वपन दासगुप्‍ताने भी इस घटना को पूर्व नियोजित राजनीतिक हत्या बताया. उन्होंने कहा कि चंद्रा लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक टीम का अहम हिस्सा थे और कई चुनाव अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे. दासगुप्ता ने आरोप लगाया कि चुनावी हार स्वीकार नहीं कर पाने वाली पराजित पार्टी के इशारे पर यह हमला किया गया. उन्होंने कहा, ‘यह कोई आकस्मिक घटना नहीं थी, बल्कि पूरी योजना के तहत की गई राजनीतिक हत्या थी. हमलावरों को चंद्रा की गतिविधियों और उनके मार्ग की पूरी जानकारी थी. यह राजनीतिक बदले की भावना से किया गया हमला है.’ हालांकि, उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से बदले की कार्रवाई से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की.

Chandranath Rath Murder Live: हावड़ा के शिवपुर में भड़की हिंसा, इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात, RAF ने संभाला मोर्चा

हावड़ा के शिवपुर की चारा बस्ती में गुरुवार को हिंसा भड़क गई. इस दौरान कई दुकानों में तोड़फोड़ की कोशिश की गई. घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है. शिवपुर में बमबारी और पथराव की घटना को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है. RAF ने मोर्चा संभाला हुआ है. बीजेपी ने TMC पर आरोप लगाते हुए कहा कि BJP के अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता मनोज खान पर हमला किया गया.

Chandranath Rath Murder Live: ‘चुनाव के बाद राज्य में चार हत्याएं हो चुकी हैं, बंगाल में ऐसी घटनाएं तुरंत रुकनी चाहिए’

माकपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम से कहा, “हम इस हत्या की कड़ी निंदा करते हैं. इस अपराध के पीछे की सच्चाई का पता केवल विस्तृत और उचित जांच से ही चल सकता है.” उन्होंने कहा कि जिस तरह से रथ की हत्या की गई है, उससे स्पष्ट होता है कि यह सुनियोजित, निर्मम और पेशेवर तरीके से अंजाम दी गई हत्या थी. उन्होंने कहा, “चुनाव के बाद लोग शांति और कानून व्यवस्था की बहाली के साथ-साथ सौहार्द चाहते हैं.” उन्होंने कहा, “चुनाव के बाद राज्य में चार हत्याएं हो चुकी हैं और पश्चिम बंगाल में ऐसी घटनाएं तुरंत रुकनी चाहिए.”

Chandranath Rath Murder Live: चंद्रनाथ रथ की हत्या को माकपा ने बताया ‘भयानक और जघन्य अपराध’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की बृहस्पतिवार को ‘कड़ी निंदा’ की और घटना की विस्तृत जांच की मांग की. माकपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि इस ‘भयानक और जघन्य अपराध’ की जांच शनिवार को शपथ लेने वाली नई भाजपा सरकार के लिए एक अग्निपरीक्षा होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी राज्य में अपराध का सिलसिला जारी है.

West Bengal Live News: एक भी कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर बोलीं रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर कहा, “पश्चिम बंगाल में हाल की घटनाएं बेहद दुखद और चिंताजनक हैं. हमारे वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है. राजनीतिक मतभेदों के बीच हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.” उन्होंने कहा, “हम विश्वास करते हैं कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा. हमारे एक भी कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा.”

Suvendu Adhikari PA Murder Live: रेखा गुप्ता ने सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या पर जताई चिंता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या पर बृहस्पतिवार को चिंताई जताई और कहा कि पार्टी के एक भी कार्यकर्ता का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा. गुप्ता ने कहा कि बंगाल में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई. विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई चौंकाने वाली घटना के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इलाके में तनाव बढ़ गया.

पुल‍िस को कार का असली माल‍िक म‍िल गया, पर उलझ गई मर्डर की गुत्‍थी

चंद्रनाथ रथ के मर्डर केस में इस्‍तेमाल पर हुई नेमप्लेट 2270 वाली कार के असली मालिक ने OLX पर अपनी कार बेचने के लिए एक विज्ञापन दिया था. हत्यारों ने इस सफ़ेद कार में उसके नंबर का इस्तेमाल किया. उसने गाड़ी बेचने के लिए एक ऑनलाइन विज्ञापन पोस्ट किया था. मातिगारा पुलिस स्टेशन की पुलिस ने कार की जांच की. सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद जांचकर्ताओं को पता चला कि हत्या से लगभग छह घंटे पहले यह गाड़ी उस इलाके में घुसी थी. यह कई जगहों पर घूमी और कथित तौर पर चंद्रनाथ के घर के सामने रेकी की. पुलिस को शक है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की योजना काफ़ी पहले ही बना ली गई थी.

2 घंटे तक पोस्‍टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद रहे सुवेंदु अध‍िकारी

सुवेंदु अध‍िकारी के पीए चंद्रकांत रथ का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और उनका पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम हाउस से निकाला गया है. इस दौरान सुवेंदु अधिकारी मोर्चेरी के बाहर प‍िछले दो घंटे से मौजूद रहे जहां पर चंद्रकांत रथ का पोस्‍टमार्टम हुआ था.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: बारासात पहुंचे सुवेंदु अधिकारी, डीजीपी से की बात, फिर क्‍या बोले…

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में जांच तेज हो गई है. सुवेंदु अधिकारी गुरुवार को बारासात मेडिकल कॉलेज पहुंचे और मामले में पुलिस कार्रवाई पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि उनकी डीजीपी से बातचीत हुई है और पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. अधिकारी ने कहा कि पुलिस इस हत्याकांड की तह तक जरूर पहुंचेगी, इसलिए जांच एजेंसियों को थोड़ा और समय दिया जाना चाहिए. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ र‍थ हत्‍याकांड में तीन संदिग्‍ध हिरासत में

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्‍याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने यह कार्रवाई गुरुवार को की. सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों से पूछताछ जारी है और हत्या की साजिश, हमलावरों के नेटवर्क तथा घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. इससे पहले मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. पुलिस और अन्य एजेंसियां मिलकर पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ र‍थ हत्‍याकांड के लिए बनी SIT, IG लेवल के अफसर करेंगे लीड

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. इस एसआईटी की अगुवाई आईजी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी करेंगे. जांच टीम में विभिन्न जिलों और यूनिटों के अनुभवी पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी पूरे हत्याकांड की विस्तृत जांच करेगी और हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों के नेटवर्क तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी. जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: मर्डर स्‍पॉट पर पहुंची CID की टीम, जुटाए सबूत

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ की हत्या के मामले में जांच तेज हो गई है. गुरुवार सुबह सीआईडी पश्चिम बंगाल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया. बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने मध्यमग्राम के पास चंद्रनाथ को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. जांच एजेंसियां हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं. मामले को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: हम 9 तारीख से उल्‍टा लटकाने का काम करेंगे – राहुल सिन्‍हा, बीजेपी

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. बीजेपी नेता राहुल सिन्‍हा मौके पर पहुंचे और तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए. राहुल सिन्हा ने कहा कि राजनीतिक हताशा में हिंसा की साजिश रची गई है और दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि एक-एक खून का हिसाब कानूनी तरीके से लिया जाएगा और असली आरोपियों तक पहुंचने के लिए पार्टी कानूनी लड़ाई लड़ेगी. उन्‍होंने कहा कि उल्टा लटकाने का काम 9 तारीख से हम करेंगे.

Chandranath Rath Murder Live: तो बांग्‍लादेश भाग गया चंद्रनाथ रथ का हत्‍यारा?

चंद्रनाथ रथ मर्डर लाइव: उत्तर 24 परगना जिले में हुए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच तेज कर दी गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है. जांच टीम में कई एजेंसियों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि हर एंगल से साक्ष्य जुटाए जा सकें. चूंकि घटना उत्तर 24 परगना जिले के अंतर्गत हुई है, इसलिए जांच एजेंसियों को आशंका है कि हमलावर सीमा पार कर फरार होने की कोशिश कर सकते हैं. इसी संभावना को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ रथ हत्‍याकांड में एक और प्रत्‍यक्षदर्शी आया सामने, सुनाई खौफनाक दास्‍तान

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: चंद्रनाथ रथ हत्‍याकांड में हर पल नए खुलासे हो रहे हैं. अब एक और प्रत्‍यक्षदर्शी ने कहा, ‘कल रात करीब 10 बजे मैं बाहर कुत्तों को खाना खिला रहा था, तभी अचानक मुझे लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. मैं मौके पर पहुंचा तो देखा कि वहां एक काली स्कॉर्पियो खड़ी थी. उसके आगे एक सफेद कार खड़ी थी. स्कॉर्पियो में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल थे. ड्राइवर की सीट पर बैठा आदमी दर्द से कराह रहा था. मैंने उसे तुरंत अस्पताल जाने को कहा. फिर मैंने पुलिस को फोन करके सूचना दी. थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.’

Suvendu Adhikari PA Murder Live: सुवेंदु के बेहद करीबी थे चंद्रनाथ रथ

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल की राजनीति में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी और उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ के संबंधों को लेकर नई चर्चाएं सामने आई हैं. दोनों के बीच पिछले करीब आठ वर्षों से गहरा राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा था. चंद्रनाथ रथ को सुवेंदु अधिकारी का भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था, जिन्होंने विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक जिम्मेदारियों में उनकी मदद की. जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ पूर्व भारतीय वायुसेना कर्मी थे. उनका मूल निवास चांदीपुर में था और वे पूर्व मेदिनीपुर जिले के ईश्वरपुर क्षेत्र से जुड़े हुए थे. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा Rahara Ramakrishna Mission से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय वायुसेना में सेवा दी. साल 2019 में जब सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री बने, तब चंद्रनाथ रथ को जल संसाधन विभाग में उनका निजी सहायक नियुक्त किया गया. तृणमूल कांग्रेस में रहते हुए भी चंद्रनाथ, सुवेंदु अधिकारी के बेहद करीबी माने जाते थे. राजनीतिक समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यालय संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. भाजपा में शामिल होने के बाद भी चंद्रनाथ रथ लगातार सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े रहे. विपक्ष के नेता के रूप में सुवेंदु अधिकारी के कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने कार्यालय की कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और पार्टी संगठन के स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: ‘TMC की मान्‍यता रद्द हो’, बीजेपी सांसद बोले- बदले की भावना से चंद्रनाथ रथ की हत्‍या

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है. भाजपा सांसद राहुल सिन्‍हा ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी आलाकमान की तरफ से इस खून की रणनीति तैयार की गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस्तीफा नहीं देना चाहतीं और राजनीतिक बदले की भावना से सुवेंदु अधिकारी के करीबी को निशाना बनाया गया. राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी की राजनीतिक मान्यता रद्द की जानी चाहिए. हालांकि, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: चंद्रनाथ रथ के शव का सुबह 11 बजे पोस्‍टमॉर्टम, फिर खुलेगा राज

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ के शव को गुरुवार तड़के करीब चार बजे अस्पताल से बारासात मेडिकल कॉलेज लाया गया. फिलहाल उनका पार्थिव शरीर मेडिकल कॉलेज में रखा गया है. अधिकारियों के अनुसार, सुबह 11 बजे पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रारंभिक जांच में हत्या को सुनियोजित वारदात माना जा रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: हमलावरों को सबकुछ था मालूम, दोपहर 3 बजे से ही घात लगाए बैठे थे

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. CID सूत्रों के मुताबिक यह वारदात पूरी तरह से सुनियोजित थी और हमलावर कई दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने से पहले इलाके की भौगोलिक स्थिति और भागने के रास्तों का बारीकी से अध्ययन किया था. सूत्रों के अनुसार हमलावरों को पहले से जानकारी थी कि चंद्रनाथ के घर के पास वाली गली बेहद संकरी है, जहां किसी वाहन को रोकना आसान होगा. इसी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया. जांच में सामने आया है कि जिस सफेद रंग की कार का इस्तेमाल चंद्रनाथ का रास्ता रोकने के लिए किया गया, उसे दोपहर करीब 3 बजे ही मध्यमग्राम के दोलतला इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा गया था. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर कई घंटों से इलाके में मौजूद थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: जिस कार से उतरे थे चंद्रनाथ के हत्‍यारे, वह दोपहर 3 बजे से ही काट रही थी चक्‍कर

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिला है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, जिस सफेद कार ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी को रोका था, उसे वारदात से पहले इलाके में घूमते देखा गया था. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में यह कार दोपहर करीब 3 बजे डोलतला इलाके में दिखाई दी है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और हमले की पूरी साजिश सुनियोजित थी. पुलिस अब कार की पहचान और उसमें सवार लोगों का पता लगाने में जुटी है.

Suvendu Adhikari PA Murder Live: कॉन्‍ट्रैक्‍ट किलर पर शक, पर असली मास्‍टरमाइंड कौन?

सुवेंदु अधिकारी पीए मर्डर लाइव: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच तेज हो गई है. पुलिस सूत्रों ने News18 को बताया कि शुरुआती जांच में यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित लग रही है और इसमें सुपारी किलर के शामिल होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. सूत्रों के अनुसार, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपियों ने कई दिनों तक इलाके और पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखी, जिसके बाद हमले की योजना बनाई गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, उससे साफ संकेत मिलता है कि हमलावर किसी भी कीमत पर चंद्रनाथ रथ की हत्या सुनिश्चित करना चाहते थे. भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी इस घटना को ‘पूर्व नियोजित हत्या’ करार दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया.

By uttu

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *