बीजापुर में सुरक्षाबलों ने गंगालूर के जंगलों में जमीन के नीचे छिपा एक हाईटेक माओवादी बंकर ध्वस्त किया है। बंकर से जनरेटर, लेथ मशीन, ड्रिल मशीन और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है।
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी कामयाबी मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र के डोडीतुमनार गांव के जंगल और पहाड़ी इलाके में पुलिस ने जमीन के अंदर छिपाकर बनाए गए एक गुप्त बंकर का पता लगाया है। इस बंकर से विस्फोटक सामग्री, हथियारों के उपकरण और तकनीकी मशीनों सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। कार्रवाई पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और गंगालूर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार के पटेलपारा पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के बाद संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जंगल के भीतर जमीन के नीचे छिपा एक बंकर मिला। इस बंकर को काफी सावधानी से तैयार किया गया था। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पहले इलाके की डिमाइनिंग और जांच की गई। इसके बाद बंकर को खोला गया।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में दंपति से लूट, कट्टे की नोक पर पति-पत्नी से मंगलसूत्र और झुमके छीनकर फरार हुए बदमाश
बंकर से बरामद सामग्री ने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया। पुलिस ने वहां से होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां और एक छोटी बैटरी जब्त की है। इसके अलावा आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन और एक ड्रिल मशीन भी बरामद हुई है। इनका इस्तेमाल माओवादी तकनीकी और विस्फोटक गतिविधियों में कर सकते थे।
सर्चिंग के दौरान टीम को एक देशी बीजीएल लांचर और 29 बीजीएल सेल भी मिले हैं। साथ ही करीब 50 मीटर लंबा कॉर्डेक्स वायर और दो प्लास्टिक ड्रम भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल विस्फोटक तैयार करने और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था।
यह भी पढ़ें:इंदौर में रिहायशी इलाके के बस पार्किंग में भीषण आग, 5 बसें जलकर खाक
सभी बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस बंकर का इस्तेमाल किस माओवादी दल द्वारा किया जा रहा था और इलाके में उनके नेटवर्क की स्थिति क्या है। जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।
