मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अरार के समीप NH-106 पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्ची की पहचान विशनपुर अरार वार्ड संख्या पांच निवासी रंजीत कुमार मंडल की पुत्री निशा कुमारी (7) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार शाम करीब छह बजे की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार निशा कुमारी सड़क के पश्चिम दिशा स्थित मकई के खेत से अपने घर लौट रही थी। उसका घर एनएच-106 के पूर्व दिशा में स्थित है। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगी। तभी ग्वालपाड़ा से मधेपुरा की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक अल्टो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पढ़ें: दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी की हत्या कर स्कूल परिसर में दफनाया शव; जमीन खोदने पर खुला राज
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इधर, बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि निशा अपने माता-पिता की इकलौती पुत्री थी। रंजीत कुमार मंडल को तीन पुत्र और एकमात्र पुत्री थी। बच्ची की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने एनएच-106 पर लगातार बढ़ रहे तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
